अवैध घुसपैठियों की पहचान कर होगी कानूनी कार्रवाई : संजय
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 30 May 2026 10:30 PM
भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन
सिमडेगा. भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ के मार्गदर्शन में हुआ. समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश की सुरक्षा, सामाजिक संतुलन और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अवैध घुसपैठ के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. संजय सेठ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) समेत विभिन्न संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं के माध्यम से झारखंड, विशेषकर सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे अवैध घुसपैठियों की पहचान की जायेगी तथा कानून के अनुसार कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि राज्य के कई जिलों में घुसपैठ गंभीर चुनौती बनकर उभरी है, जिससे स्थानीय संसाधनों पर दबाव बढ़ता है, रोजगार के अवसर प्रभावित होते हैं और जनसांख्यिकीय संतुलन पर भी असर पड़ता है. उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार इस मुद्दे को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय मानते हुए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अवैध रूप से देश में रह रहे लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जायेगा. संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले एक दशक में अभूतपूर्व विकास देखा है. वैश्विक ऊर्जा संकट और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों तथा मजबूत कूटनीतिक प्रयासों के कारण देश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता लगातार बनी रही. भारत ने अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए विभिन्न देशों के साथ संतुलित संबंध बनाये रखे, जिसका लाभ देशवासियों को मिला. उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि हुई, लेकिन भारत सरकार ने आम जनता पर बोझ कम करने के लिए कई अवसरों पर उत्पाद शुल्क में कटौती की तथा राज्यों से भी राहत देने की अपील की. कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और राष्ट्रहित में लिये गये निर्णयों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है. कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है. समापन सत्र को प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रशिक्षण वर्ग अधिकारी अशोक बड़ाइक, रांची के पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह तथा रविनाथ किशोर ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपक पूरी व संचालन जिला महामंत्री मुकेश श्रीवास्तव व रवि गुप्ता ने किया. प्रशिक्षण वर्ग के समापन पर कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत, सशक्त संगठन और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










