सिमडेगा: अग्निपथ पर कार्यशाला, योजना से सेना भर्ती पर छात्र हुए अवगत
फोटो जागरूकता कार्यशाला का दीप जलाकर उदघाटन करते अतिथि, कार्यशाला में उपस्थित छात्र छात्राएं | Prabhat Khabar Network
झारखंड के सिमडेगा में आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस द्वारा अग्निपथ योजना पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को भारतीय सेना में भर्ती की प्रक्रिया, अग्निवीर योजना, पात्रता, प्रशिक्षण और भविष्य के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी देना था. यहां 10वीं से 12वीं के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया.
सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में गुरुवार को आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस, रांची की ओर से अग्निपथ योजना पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को भारतीय सेना में भर्ती की प्रक्रिया, अग्निवीर योजना, पात्रता, प्रशिक्षण और भविष्य के अवसरों की विस्तृत जानकारी देना था। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के अलावा एनसीसी कैडेट्स ने भी भाग लिया.
ऑनलाइन पंजीकरण फरवरी से अप्रैल के बीच
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सूबेदार मेजर मनोज कुमार ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण सामान्यतः फरवरी से अप्रैल के बीच किया जाता है। इसके बाद जून में कॉमन एंट्रेंस एग्जाम आयोजित होता है. लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दिसंबर में आयोजित भर्ती रैली में शामिल होकर शारीरिक दक्षता परीक्षा और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है.
शहादत पर में 50 लाख से 1 करोड़ की मदद
अग्निवीरों का सेवा काल चार वर्ष का होता है. इस दौरान उन्हें 30 हजार से 40 हजार रुपये तक मासिक वेतन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं. चार वर्ष की सेवा पूरी होने पर लगभग 11.71 लाख रुपये की सेवानिधि राशि दी जाती है. इसके अलावा रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, रेलवे, बैंक सहित विभिन्न सरकारी विभागों में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है. कई राज्य सरकारें तथा निजी कॉरपोरेट संस्थान भी अग्निवीरों को रोजगार में प्राथमिकता देते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या शहादत की स्थिति में 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान है.
अग्निवीर के लिए 8वीं या 10वीं पास और आयु 17- 22 वर्ष
अग्निवीर भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं या 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित है, जबकि अभ्यर्थियों की आयु 17 वर्ष 6 माह से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए. इच्छुक युवा भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित शारीरिक अभ्यास करने, पढ़ाई पर ध्यान देने और समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










