जुआ अड्डे पर पुलिस ने की छापेमारी, पांच लोगों को किया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा के कुरडेग में पुलिस ने जुआ अड्डे पर छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. मौके से नकदी और चार बाइक भी जब्त की गई हैं.
सिमडेगाः जिले के कुरडेग स्थित गड़ियाजोर गांव के कोलमुंडा टोला में संचालित जुआ अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया. इस दौरान पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है साथ ही उनके पास से नकद राशि, 4 बाइक और ताश के पत्ते जब्त किए हैं. मामले में डीएसपी मुख्यालय रनवीर सिंह ने बताया कि बुधवार (5 अगस्त) की तड़के करीब 4.30 बजे रात्रि गश्ती के दौरान सूचना मिली की शंकर यादव के घर के समीप खुले खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद सअनि राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 4.50 बजे छापेमारी की. इस दौरान छापेमारी के लिए आ रही पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा किया और पांच लोगों को पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में भलमंडा निवासी रोहित यादव, करमडीह निवासी रामकुमार दास, गड़ियाजोर निवासी यशवंत कुमार बेहरा, गड़ियाजोर गणेश यादव और छत्तीसगढ़ के जशपुर स्थित महुआटोली के रहने वाले संदीप लोहार शामिल हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7,230 रुपए नकद, 4 बाइक और ताश के पत्ते जब्त किए. सभी आरोपियों के खिलाफ कुरडेग थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










