खूंटपानी में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, पांच छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत

Published by :KumarVishwat Sen
Published at :09 May 2026 4:14 PM (IST)
विज्ञापन
Seraikela News

खुंटपानी के स्कूल में बच्चों के साथ विधायक दशरथ गागराई. फोटो: प्रभात खबर

Seraikela News: खूंटपानी के उत्क्रमित उच्च विद्यालय सारदा में मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. विधायक दशरथ गागराई ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सही विकल्प चुनने की सलाह दी. स्कूल का इस वर्ष परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट

Seraikela News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सारदा में शनिवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. समारोह का उद्घाटन स्थानीय विधायक दशरथ गागराई ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों और ग्रामीणों की भी बड़ी भागीदारी रही.

पांच प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिला सम्मान

समारोह के दौरान मैट्रिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया. इनमें जयश्री हेंब्रम ने 87.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया. वहीं गुरुवारी गोप ने 74.60 प्रतिशत, कोंसला तांती और नंदी हेंब्रम ने 72.80 प्रतिशत तथा कैरी हेंब्रम ने 71.60 प्रतिशत अंक हासिल किए. सम्मान पाकर सभी विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया. ग्रामीणों ने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बनेगी.

सही विकल्प का चयन जरूरी : दशरथ गागराई

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि मैट्रिक परीक्षा में सफलता जीवन की पहली सीढ़ी है और अभी विद्यार्थियों को बहुत आगे जाना है. इसके लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन जरूरी है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में उनकी मेहनत के साथ-साथ गुरुओं का परिश्रम और माता-पिता का त्याग भी शामिल होता है. इसलिए विद्यार्थियों को हमेशा अपने शिक्षकों और अभिभावकों का सम्मान करना चाहिए. विधायक ने कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियां जरूर आती हैं, लेकिन हौसला बुलंद रखकर उनसे लड़ना चाहिए. लक्ष्य प्राप्ति के लिए एकाग्रता, आत्मविश्वास और अनुशासन बेहद आवश्यक हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि पढ़ाई के दौरान अपने विकल्पों का सही चयन करें और अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चुनाव करें.

समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच पर दिया जोर

अपने संबोधन में विधायक दशरथ गागराई ने छात्र जीवन में समय के महत्व पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए और हर पल का सही उपयोग करना चाहिए. समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है. उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए केवल सपने देखना काफी नहीं होता, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए लगन और कठिन परिश्रम भी जरूरी होता है.

संसाधनों की कमी के बावजूद स्कूल का शानदार प्रदर्शन

विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य ने समारोह के दौरान बताया कि सीमित संसाधनों और सुविधाओं की कमी के बावजूद इस वर्ष स्कूल का मैट्रिक परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा. उन्होंने कहा कि सभी 21 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है. उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों के अनुशासन और अभिभावकों के सहयोग को दिया. साथ ही विधायक से विद्यालय में क्लासरूम की कमी को दूर करने का आग्रह भी किया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.

इसे भी पढ़ें: सरायकेला में राष्ट्रीय लोक अदालत में 7730 मामलों का निष्पादन, 1.14 करोड़ के राजस्व की वसूली

समारोह में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख रजनी बानरा, मुखिया हरिचरण हेंब्रम, समाजसेवी भगवान बानरा, प्रधान अध्यापिका शांति बिरुवा, एसएमसी अध्यक्ष सुमन जारिका, सुमी जामुदा, एएन टोपनो, विजय कुमार, अनंत प्रताप दास, पार्थो सेन गुप्ता, स्नेहप्रभा बारी, शांति जामुदा, शिल्पा दत्ता और सोम्नार सिंह हपदगाड़ा समेत कई लोग उपस्थित थे. समारोह का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरा रहा. विद्यार्थियों और अभिभावकों ने ऐसे आयोजनों को बच्चों के मनोबल को बढ़ाने वाला बताया.

इसे भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम में राजाबुरु माइंस बंद कर 18 गांव के मुंडा-मानकी का प्रदर्शन, स्थानीय लोगों ने की रोजगार की मांग

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola