Seraikela Kharsawan News : चांडिल. भाई-बहन संग प्रभु जगन्नाथ श्रीमंदिर से पहुंचे मौसीबाड़ी
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 27 Jun 2025 11:51 PM
भाई बहन संग तीन अलग-अलग रथों पर निकले प्रभु जगन्नाथ
चांडिल. चांडिल के श्री साधुबांध मठिया दशनामी नागा संन्यासी आश्रम से शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे प्रभु जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा तीन अलग-अलग रथों पर सवार होकर मौसीबाड़ी के लिए निकले. रथयात्रा की अगुवाई पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत विद्यानंद सरस्वती ने की. मठिया में सुबह से प्रभु जगन्नाथ की पूजा-अर्चना शुरू हो गयी थी. इसी क्रम में भक्तों के बीच भोग का वितरण किया गया. रथयात्रा के दौरान महंत विद्यानंद सरस्वती, महंत इंद्रानंद सरस्वती, महंत केशवानंद सरस्वती, विधायक सविता महतो, आजसू के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, हिकिम चंद्र महतो समेत श्रद्धालुओं ने रथ के डोर खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया. आठ दिनों तक प्रभु जगन्नाथ की मौसीबाड़ी में पूजा होगी. वहीं चांडिल के अलावा बड़ामटांड, मिरुडीह, ईचागढ़, रघुनाथपुर समेत कई जगहों में रथयात्रा का आयोजन हुआ.
बंगाल से भी पहुंचे श्रद्धालु
प्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा पर शुक्रवार को चांडिल में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. हजारों की संख्या में महिला-पुरुष भक्त रथ की डोर खींचने के लिए उमंग और श्रद्धा से भरपूर दिखे. रंगामाटी, पारडीह, जमशेदपुर, बुंडू, तमाड़ के अलावा पश्चिम बंगाल के बलरामपुर, श्यामनगर, मालती सहित कई क्षेत्रों से श्रद्धालु रथ खींचने पहुंचे.तीन घंटे तक बाधित रहा एनएच-32
रथयात्रा के दौरान एनएच-32 पर दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही. पश्चिम बंगाल की ओर से आने वाले वाहनों को पितकी रेलवे फाटक और जमशेदपुर की ओर से आने वालों को चांडिल के दो नंबर फाटक पर रोक दिया गया. हालांकि, कुछ भारी वाहन प्रशासनिक अनदेखी के चलते लेंगडीह में फंस गये, जिससे रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ा. पिछले दिनों शांति समिति की बैठक में जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत विद्यानंद सरस्वती ने चांडिल बाजार के गंदे नाले को लेकर आपत्ति जतायी थी. एसडीओ विकास राय ने नाला सफाई का आश्वासन दिया था, लेकिन रथयात्रा के दौरान सफाई व्यवस्था नाकाफी दिखी, जिससे स्थानीय लोगों में नाराज़गी देखी गयी.
मारवाड़ी युवा मंच ने लगाया सेवा शिविर
मारवाड़ी युवा मंच, चांडिल नगर शाखा की ओर से मुख्य बाजार में सेवा शिविर लगाया गया. महंत विद्यानंद सरस्वती की उपस्थिति में ठंडा शरबत, चना व गुड़ का वितरण किया गया. मौके पर संजय चौधरी, दुर्गा चौधरी, राजीव साव, मोंटी चौधरी, रोहित चौधरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










