21.1 C
Ranchi

लेटेस्ट वीडियो

खेल के लिहाज से झारखंड के लिए कैसा रहा साल 2022, इन खिलाड़ियों ने लहराया परचम

झारखंड में 2007 की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को सुविधा व सम्मान प्रदान किया जाता था, लेकिन 2022 में हेमंत सोरेन सरकार ने नयी खेल नीति लांच की, ताकि खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति का लाभ मिले

झारखंड सरकार के खेल विभाग के लिए वर्ष 2022 उपलब्धियों भरा रहा. विभाग की सबसे बड़ी उपलब्धि नयी खेल नीति 2022 लागू करना रहा. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का परचम लहराया. हॉकी, फुटबॉल, लॉन बॉल, क्रिकेट सभी में राज्य के खिलाड़ी छाये रहे. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर खिलाड़ियों ने झारखंड का नाम रोशन किया.

नयी खेल नीति से खिलाड़ियों को फायदा :

अभी तक झारखंड में 2007 की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को सुविधा व सम्मान प्रदान किया जाता था, लेकिन 2022 में हेमंत सोरेन सरकार ने नयी खेल नीति लांच की, ताकि खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति का लाभ मिले. खेल नीति-2022 में खेल एवं खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने के अनुरूप तैयार करने का प्रावधान किया गया है.

नीति राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चयनित खेल विधा में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करेगी. खेल नीति में खिलाड़ियों के लिए कैश अवॉर्ड, छात्रवृत्ति, पेंशन, सीधी नियुक्ति जैसे प्रावधान हैं. नीति के अनुसार राज्य के हर ब्लॉक में उच्च कोटी के खेल मैदानों का विकास किया जायेगा.

योजनाबद्ध तरीके से राज्य के खिलाड़ियों के लिए डे-बोर्डिंग, क्रीड़ा किसलय केंद्र, आवासीय खेल विकास केंद्र व एकलव्य खेल अकादमी काे बेहतर किया जायेगा. राज्य के सभी खिलाड़ियों के लिए देश का पहला खेल डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जायेगा. इसके अलावा ग्रामीण खेल केंद्र, खेल अकादमी, खेल विज्ञान, खेल प्रतिभा खोज, खेल संरचना विकास, प्रशिक्षक विकास, फिजिकल फिटनेस प्रोग्राम, खेल ब्रांडिंग और पारदर्शिता का भी प्रावधान है.

झारखंड में सरकार ने लगाया फीफा वर्ल्ड कप का कैंप :

झारखंड सरकार ने फीफा वर्ल्ड कप के लिए जमशेदपुर में भारतीय महिला अंडर-17 फुटबॉल टीम का कैंप लगाया. कैंप में झारखंड की छह खिलाड़ियों को शामिल किया गया था.

इसी कैंप के बाद जब भारतीय महिला फुटबॉल टीम का गठन किया गया, तो गुमला की अष्टम उरांव को टीम का कप्तान बनाया गया. टीम में अष्टम के अलावा नीतू लिंडा, अंजली मुंडा, अनिता कुमारी, पूर्णिमा कुमारी एवं सुधा अंकिता तिर्की को शामिल किया गया. इस कैंप के बाद और झाखंड के खिलाड़ियों के भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन के बाद पूरे देश ने झारखंड की बेटियों का जलवा देखा.

लॉन बॉल में गोल्ड और रजत जीता

इस साल बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में झारखंड के खिलाड़ियों ने परचम लहराया. गोल्ड विजेता भारतीय लॉन बॉल टीम में झारखंड की दो खिलाड़ियों लवली चौबे और रूपा रानी तिर्की ने इतिहास रचा. इनके अलावा पुरुष टीम में झारखंड के सुनील बहादुर, दिनेश कुमार और चंदन ने रजत पदक जीता.

महिला हॉकी में दबदबा

वर्ष 2022 में महिला हॉकी में राज्य की खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बढ़ाया. सीनियर टीम में ओलिंपियन निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी के बाद ब्यूटी डुंगडुंग की एंट्री हुई. झारखंड की खिलाड़ियों के दम पर भारत ने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया. कुश्ती में भी यह साल शानदार रहा, जिसमें झारखंड के पहलवान ने पहला अंतरराष्ट्रीय पदक जीता. छह जुलाई 2022 को रामगढ़ के आदित्य कुमार ने मनामा (बहरीन) में आयोजित अंडर-15 एशियन कुश्ती में देश के लिए कांस्य पदक जीता.

युवा क्रिकेटर इशान किशन का रहा जलवा

झारखंड के क्रिकेटर इशान किशन को भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा कहा जा सकता है. इस साल बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में इशान ने धुआंधार दोहरा शतक जमाया. 10 दिसंबर को खेले गये मैच में इशान ने 131 गेंद पर 210 रन की धुआंधार पारी खेली. इसमें इशान ने 24 चौके और 10 छक्के जमाये.

Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

संबंधित ख़बरें

Trending News

जरूर पढ़ें

वायरल खबरें

ऐप पर पढें
होम आप का शहर
News Snap News Reel