Ranchi News : त्योहार ने बढ़ाई ऑटो सेक्टर की स्पीड

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 14 Oct 2025 6:31 PM

विज्ञापन

जीएसटी कटौती और त्योहारी छूट के कारण ग्राहकों ने पहले से ही वाहनों की बुकिंग शुरू कर दी है. धनतेरस और दीपावली को लेकर ऑटोमोबाइल बाजार में उल्लास दिख रहा है.

विज्ञापन

:::: ऑटोमोबाइल बाजार पर जीएसटी में कटौती का दिख रहा असर, डीलर्स को नवरात्र के बाद दीपावली पर भी अच्छे कारोबार की उम्मीद

:::: जीएसटी कटौती, त्योहारी छूट और सस्ते लोन ने बढ़ाई मांग, छोटी कारों से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ग्राहकों को करना पड़ रहा इंतजार

:::: धनतेरस पर 2500 चार पहिया और 7000 दोपहिया की बिक्री का अनुमान, इलेक्ट्रिक स्कूटी और एसयूवी सबसे आगे

:::: रांची में चमका ऑटो बाजार, बिक्री में 20-30% की बढ़ोतरी

लाइफ रिपोर्टर @ रांचीजीएसटी कटौती और त्योहारी छूट के कारण ग्राहकों ने पहले से ही वाहनों की बुकिंग शुरू कर दी है. धनतेरस और दीपावली को लेकर ऑटोमोबाइल बाजार में उल्लास दिख रहा है. इस बार राजधानी में धनतेरस पर 2500 से अधिक चार पहिया वाहन और 5000 से 7000 के करीब दोपहिया वाहनों की बिक्री की उम्मीद है. पिछले साल के मुकाबले करीब 20 फीसदी अधिक है. मध्यम वर्गीय ग्राहकों के रुझान का असर बाजारों पर अधिक दिखायी दे रहा है. इस कारण बिक्री में तेजी की संभावना जतायी जा रही है. इसकी बड़ी वजह जीएसटी स्लैब में किया गया बदलाव और कंपनियों द्वारा दी जा रही अतिरिक्त छूट है. डीलरों के मुताबिक, इस बार छोटी कारों के साथ-साथ एसयूवी और बड़ी गाड़ियों की भी भारी मांग देखने को मिल रही है. डीलरों को इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बुकिंग में भी जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है. राजधानी के कुछ बड़े वाहन डीलरों के मुताबिक खासकर छोटी कारों की बिक्री में इस बार पिछले साल के मुकाबले 50% से अधिक वृद्धि का अनुमान है.

डीलर्स प्वाइंट पर छोटी कार की बुकिंग्स ज्यादा

जीएसटी कटौती के बाद खासकर चार मीटर से कम लंबी और 1200 सीसी तक की गाड़ियों पर जीएसटी में 10 फीसदी की कटौती से ग्राहक आकर्षित हुए हैं. खासकर मिड सेगमेंट की कारों और लोकप्रिय एसयूवी मॉडल्स में यह ट्रेंड ज्यादा दिख रहा है. बड़ी गाड़ियों की कीमतों में भी करीब 10 प्रतिशत की कमी आयी है, क्योंकि इन पर लगने वाला सेस हटा दिया गया है. वाहन डीलरों का कहना है कि इस समय कई मॉडल्स की बुकिंग इतनी तेजी से हो रही है कि एक से तीन महीने तक की वेटिंग लग गयी है. दो पहिया में 150 सीसी से ऊपर की गाड़ियोंं की मांग ज्यादा है. युवा वर्ग में स्पोर्ट्स बाइक और क्रूजर मॉडल की भी बुकिंग तेजी से हो रही है.

बैंकों के सस्ते लोन से ऑटोमोबाइल सेक्टर में उत्साह

बैंकों द्वारा सस्ता लोन उपलब्ध कराये जाने से ऑटोमोबाइल सेक्टर को रफ्तार मिल रहा है. बैंक सिविल स्कोर के आधार पर ग्राहकों को 7.5 से लेकर 12 प्रतिशत पर कार लोन ऑफर कर रहे हैं. बैंकों में से कुछ ने प्रोसेसिंग चार्ज को हटा दिया है. जीएसटी में कटौती के कारण वाहन सस्ते हुए हैं, जिससे मांग में वृद्धि दिख रही है. जीएसटी स्लैब में बदलाव के साथ सेस को हटा दिया गया है. इससे लग्जरी गाड़ियों में 28 की जगह 40 फीसदी जीएसटी तो लग रहा है, पर 22 फीसदी सेस हटा दिये जाने से बड़ी गाड़ियां भी 10 फीसदी सस्ती हुई हैं.

दोपहिया बाजार में आयी रौनक

350 सीसी तक की बाइक और चार पहिया वाहनों पर जीएसटी दर में कमी से कीमतें कम हो गयी हैं. इससे यह और अधिक किफायती हो गये हैं.

त्योहारी छूट : वाहन कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दीपावली पर कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस जैसे खास छूट दी जा रही हैं.

ऋण की आसान उपलब्धता : सिविल स्कोर, आइटीआर, आधार और पैन कार्ड पर बैंक आसानी से लोन दे रहे हैं, जिससे खरीदारी संभव हो रही है.

——————

इलेक्ट्रिक वाहनों का बढ़ा क्रेज

धनतेरस में इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों की डिमांड ज्यादा है. ऑटो मोबाइल कारोबार में सबसे ज्यादा बूम इन दिनों इलेक्ट्रिक स्कूटी, कार और खासकर थ्री व्हीलर और मालवाहक में है. इसके ग्राहकों की संख्या में तो बढ़ोतरी हुई है. कंपनियों के विभिन्न प्रकार के माॅडल इन शाेरूम में उपलब्ध हैं. फेस्टिव सीजन में ग्राहक अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदें, इसको लेकर शाेरूम संचालकों द्वारा अच्छे ऑफर भी दिये जा रहे हैं. जिन लोगों ने पहले ही बुकिंग करा ली है, उन्हें तो गाड़ियों की डिलीवरी धनतेरस या दीपावली पर हो जायेगी, लेकिन नयी बुकिंग कराने वाले लोगों को इंतजार करना पड़ेगा. इलेक्ट्रिक कारों का भी यही हाल है. शोरूम डीलर्स की माने तो बाजार में फिलहाल इलेक्ट्रिक बाइक और स्कूटी की संख्या कम है. उस अनुरूप मांग बेहद अधिक है. राजधानी में पिछले एक वर्ष में इलेक्ट्रिक स्कूटी की मांग में लगभग दोगुना से ज्यादा का इजाफा हुआ है. जानकारों के अनुसार, इस बार इलेक्ट्रिक स्कूटी का बाजार लगभग ढाई गुना बढ़ा है. इलेक्ट्रिक स्कूटी की डिमांड बढ़ने का ही असर है कि राजधानी के लगभग सभी इलाकों में जगह-जगह नये शोरूम खुल गये हैं.

धनतेरस पर पॉवर और माइलेज के लिए डीजल कार एसयूवी

इस दीपावली पर नयी 7-सीटर डीजल कार भी हाइ एंड ग्राहकों की पसंद बन रही है. बड़ी फैमिली के लिए ये गाड़ियां बेहतर ऑप्शन बन रही हैं. वहीं, एक मजबूत और भरोसेमंद एसयूवी को खासतौर पर ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों के कठिन रास्तों के लिए बनाया गया है. मैनुअल और ऑटोमेटिक तीनों ऑप्शन में बिक्री के लिए उपलब्ध है. डीजल गाड़ियों में पावर बहुत अधिक होता है, इस लिहाज से यह फोर व्हील ड्राइव में खासे पसंद किये जा रहे हैं. हालांकि, डीजल की गाड़ियां कम ही कंपनी बना रही हैं. इस लिहाज से कमर्शियल वाहनों में इसकी बिक्री निजी की तुलना में अधिक है.

नये मॉडल्स और लग्जरी गाड़ियों की डिमांड

दीपावली पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में शानदार वृद्धि देखी जा रही है. जीएसटी 2.0 लागू होने के बाद कार और बाइक की मांग में 20-30% तक की बढ़ोतरी हुई है. ग्राहक धनतेरस के लिए एडवांस बुकिंग कर रहे हैं. लेकिन, इस बार ग्राहकों की पसंद बड़े स्क्रीन, पैनरमिक सनरूफ, एंबिएंट लाइटिंग, वेंटिलेटेड सीट्स, लग्जरी इंटीरियर और लेटेस्ट फीचर्स हैं. नवरात्र के बाद से ही बिक्री में तेजी आई है. अब रोज खूब गाड़ियां बिक रही हैं और ग्राहक धनतेरस के लिए एडवांस बुकिंग भी कर रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola