भानु प्रताप शाही केस: हाईकोर्ट ने निचली अदालत से मांगा रिकॉर्ड, बरी करने के फैसले को सरकार ने दी चुनौती
Published by : Sameer Oraon Updated At : 14 Apr 2026 9:28 PM
भानु प्रताप शाही की फाइल फोटो
Bhanu Pratap Shahi: भवनाथपुर के विधायक भानु प्रताप शाही को एससी-एसटी एक्ट मामले में मिली राहत पर झारखंड हाईकोर्ट फिर से विचार कर रहा है. पलामू की विशेष अदालत द्वारा उन्हें बरी किए जाने के फैसले को राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है. जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की खंडपीठ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निचली अदालत से 'लोअर कोर्ट रिकॉर्ड' तलब किया है.
रांची, (राणा प्रताप की रिपोर्ट): झारखंड हाईकोर्ट में गढ़वा के भवनाथपुर से जुड़े बहुचर्चित एससी-एसटी एक्ट मामले में पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक भानु प्रताप शाही को बरी किए जाने के खिलाफ सुनवाई हुई. राज्य सरकार द्वारा दायर ‘एक्विट्टल अपील’ पर जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय और जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं. सुनवाई के बाद कोर्ट ने इस मामले में पलामू की निचली अदालत से ‘लोअर कोर्ट रिकॉर्ड’ (LCR) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. इस रिकॉर्ड के प्राप्त होने के बाद ही मामले की गहराई से समीक्षा की जाएगी और आगे की सुनवाई शुरू होगी.
सरकार ने दी है निचली अदालत के फैसले को चुनौती
गौरतलब है कि पलामू की एमपी-एमएलए विशेष अदालत ने साक्ष्य के अभाव में भानु प्रताप शाही को इस मामले में बरी कर दिया था. हालांकि, इसी मामले में संलिप्त अन्य चार आरोपियों को अदालत ने छह महीने की सजा सुनाई थी. राज्य सरकार ने विशेष अदालत के इसी फैसले पर असहमति जताते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. सरकार का तर्क है कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिनकी समीक्षा उच्च न्यायालय स्तर पर की जानी चाहिए.
Also Read: झारखंड कैबिनेट की बैठक 15 अप्रैल को, राज्य वित्त आयोग के विस्तार पर हो सकता है बड़ा फैसला
2006 का विवाद: डॉक्टर से अभद्रता का आरोप
यह कानूनी विवाद साल 2006 का है, जब भवनाथपुर सेल में कार्यरत चिकित्सक डॉ. विजय कुमार ने तत्कालीन विधायक भानु प्रताप शाही और उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. आरोप के अनुसार, क्वार्टर आवंटन को लेकर विधायक और चिकित्सक के बीच तीखा विवाद हुआ था. डॉ. विजय कुमार ने आरोप लगाया था कि विधायक ने उनके साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित किया. साथ ही, उनके क्वार्टर से सामान बाहर फेंकने की बात भी प्राथमिकी में कही गई थी.
राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
करीब 18 साल पुराने इस मामले के हाईकोर्ट में दोबारा सक्रिय होने से राजनीतिक और कानूनी गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है. लोअर कोर्ट रिकॉर्ड पेश होने के बाद होने वाली अगली सुनवाई भानु प्रताप शाही के राजनीतिक भविष्य और इस कानूनी लड़ाई की दिशा तय करेगी. फिलहाल, विधायक और सरकार दोनों ही पक्षों की नजरें हाईकोर्ट के अगले कदम पर टिकी हैं.
Also Read: झारखंड 11वीं बोर्ड में 99.12% छात्र सफल, छात्राओं ने फिर मारी बाजी, गुमला और गिरिडीह जिला रहा टॉपर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










