आ अब लौट चलें: रांची में मिलन समारोह का आयोजन, सुमन सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने थामा कांग्रेस का दामन

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि महंगाई की मार से महिलाओं का चूल्हा जल चुका है. आज महिलाएं अपने बच्चों को लेकर चिंतित हैं. रोजगार को लेकर आज संकल्प लेने का दिन है.
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम ‘आ अब लौट चलें’ के तहत रांची के विद्यानगर के करम चौक में मिलन समारोह का आयोजन किया गया. सुमन सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा. इस मिलन समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे. उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के सशक्त नेतृत्व एवं राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा से लोगों की कांग्रेस के प्रति आस्था बढ़ी है. यही वजह की आज इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं कांग्रेस पार्टी का दामन थाम रही हैं. कांग्रेस पार्टी ही है जिन्होंने देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को बनाया. देश की पहली राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल को बनाया. देश की पहली लोकसभा स्पीकर मीरा कुमारी को बनाया. कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के सशक्तीकरण एवं सुरक्षा को लेकर मुखर रही है. सोनिया गांधी व राहुल गांधी सदन में पूरजोर तरीके से इनकी बातें रखते हैं. झारखंड में गठबंधन की सरकार है. महिलाओं के लिए कई योजनाएं चल रही हैं जैसे फूलों झानो आशीर्वाद योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना समेत अन्य योजनाएं चलाई जा रही हैं.
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि महंगाई की मार से महिलाओं का चूल्हा जल चुका है. आज महिलाएं अपने बच्चों को लेकर चिंतित हैं. रोजगार को लेकर आज संकल्प लेने का दिन है. जिस तरह से केंद्र में बैठी हुई अंधेरी-बहरी सरकार लोगों को झूठा सपना दिखाकर सत्ता पर काबिज हुई. इसके लिए महिलाओं को जागरूक होना होगा. ऐसे झूठे लोगों से बचना होगा.
Also Read: Jharkhand Tourist Places: झारखंड की ऐसी नदी, जिसमें नहाने से दूर हो जाते हैं चर्म रोग
बड़ी संख्या में महिलाओं ने कांग्रेस का दामन थामा
कृषि विपणन पर्षद के अध्यक्ष रवींद्र सिंह ने कहा कि इस विद्यानगर करम चौक में सुमन कुमारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने कांग्रेस का दामन थामा है. सुमन कुमारी, सोनी कुमारी, दीपशिखा, तरुण विपलवी, ज्योति सिंह, सुप्रिया सिंह समेत अन्य महिला साथियों का हार्दिक अभिनंदन. कार्यक्रम को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजय नाथ शाहदेव एवं मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पौल मुजनी ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन मुकेश चौधरी और धन्यवाद ज्ञापन संजीव एक्का ने किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




