रांची : झारखंड की दो दिवसीय यात्रा के बाद उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू सोमवार को नयी दिल्ली रवाना हो गये इस दौरान उन्होंने रांची स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आइआइएम) की ओर से आयोजित अटल बिहारी वाजपेयी सेंटर फॉर लीडरशिप, पॉलिसी एंड गवर्नेंस के तहत नेतृत्व क्षमता और सुशासन विषय पर व्याख्यान दिया.

उपराष्ट्रपति ने सोमवार को एक्सएलआरआइ, जमशेदपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इसके बाद वह जमशेदपुर से रांची आये और यहां से नयी दिल्ली के लिए रवाना हो गये. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, वरिष्ठ मंत्री आलमगीर आलम, मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी व अन्य अधिकारियों ने उपराष्ट्रपति को विदा किया.

इससे पहले रांची की मेयर आशा लकड़ा ने राजभवन में श्री नायडू से मुलाकात की. महापौर ने कहा कि यह शिष्टाचार मुलाकात थी. इस दौरान उपराष्ट्रपति ने स्मार्ट सिटी के कार्य की प्रगति की जानकारी ली. ज्ञात हो कि उपराष्ट्रपति ने ही स्मार्ट सिटी की आधारशिला रखी थी. जिस वक्त श्री नायडू केंद्रीय नगर विकास मंत्री थे, उसी समय रांची को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जोड़ा गया था.
