JTET: अब शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थी भी जेटेट में होंगे शामिल
Published by : Sweta Vaidya Updated At : 31 May 2026 11:22 AM
अभ्यर्थी बात करते हुए सांकेतिक तस्वीर (AI Image)
JTET: झारखंड में शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों को जेटेट में शामिल होने का मौका मिलेगा. प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने जैक सचिव को भेजा पत्र. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
रांची से सुनील कुमार झा की रिपोर्ट
JTET: झारखंड में शिक्षक प्रशिक्षण ले रहे अभ्यर्थी भी अब झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) में शामिल होंगे. इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के सचिव को पत्र लिखा है. प्राथमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जैक को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि अभ्यर्थियों द्वारा इस संबंध में विभाग को अवगत कराया गया है कि प्रशिक्षण संस्थानों में नामांकित अभ्यर्थियों का आवेदन जमा नहीं लिया जा रहा है. निदेशालय ने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2019 के आदेश और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद के वर्ष 2022 के पत्र का उल्लेख किया है. इस आलोक में मान्यता प्राप्त संस्थान में नामांकित और प्रशिक्षण ले रहे अभ्यर्थी को जेटेट में शामिल होने की अनुमति प्राप्त होगी. जैक को इस संबंध में जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है. उल्लेखनीय है कि फिलहाल ऐसे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थी जेटेट में शामिल होने के लिए आवेदन जमा नहीं कर पा रहे हैं.
50 हजार अभ्यर्थी को मिलेगा मौका
राज्य में शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 50 हजार अभ्यर्थियों को जेटेट में शामिल होने का अवसर मिलेगा. राज्य में एक वर्ष में प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण और बीएड में लगभग 25 हजार अभ्यर्थी नामांकन लेते हैं. इस आदेश से वर्ष 2024 और 2025 में नामांकित विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा. ऐसे में लगभग 50 हजार प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थी इससे लाभान्वित होंगे.
जैक जल्द जारी करेगा निर्देश
प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के आदेश के बाद अब जैक इस संबंध में जल्द दिशा-निर्देश जारी करेगा. मिली जानकारी के अनुसार जैक द्वारा एक-दो दिनों में इस संबंध में निर्देश जारी किया जा सकता है. इसके बाद प्रशिक्षण ले रहे अभ्यर्थी भी जेटेट में शामिल होने के लिए आवेदन जमा कर सकते हैं.
दो जून तक जमा होगा आवेदन
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि दो जून तक निर्धारित है. प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देश के बाद इसमें बदलाव किया जा सकता है. इस संबंध में भी एक-दो दिनों में निर्देश जारी किया जा सकता है.
अगस्त तक हो सकती है परीक्षा
राज्य में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा अगस्त तक होने की संभावना है. आवेदन जमा करने की तिथि समाप्त होने के बाद आवेदन में गलती सुधार का अवसर दिया जाएगा. इसकी तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी.
शिक्षक भी नहीं जमा कर पा रहे आवेदन
वर्ष 2003 में नियुक्ति कुछ शिक्षक भी जेटेट में शामिल होने के लिए आवेदन जमा नहीं कर पा रहे हैं. वर्ष 2003 में बीएड की योग्यता वाले अभ्यर्थी भी कक्षा एक से पांच में शिक्षक पद पर नियुक्त हुए थे. जबकि वर्तमान में कक्षा एक से पांच के लिए बीएड योग्यता वाले जेटेट में शामिल नहीं हा सकते हैं. रांची जिला प्राथमिक शिक्षक मंच के संयोजक अजय कुमार ने इसमें बदलाव की मांग की है. उन्होंने कहा है सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शिक्षकों के लिए भी जेटेट अनिवार्य हो गया है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में बड़ी सफलता: 5 लाख के इनामी और ‘झांगुर ग्रुप’ का सरगना रामदेव उरांव ने दो साथियों संग किया सरेंडर
यह भी पढ़ें: रांची के नामकुम ग्रिड में मरम्मत से रविवार को 3 घंटे गुल रहेगी बत्ती, मेन रोड-बरियातू समेत कई इलाके प्रभावित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sweta Vaidya
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. पिछले करीब दो महीनों से वे झारखंड बीट पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. इस दौरान वे राज्य से जुड़ी ताजा खबरों, लोगों से जुड़े मुद्दे और जरूरी जानकारियों पर आधारित स्टोरीज तैयार कर रही हैं. इससे पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर रोचक और उपयोगी आर्टिकल लिखे. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










