भारत-पाक सीमा पर शहीद झारखंड के लाल का आज होगा अंतिम संस्कार, भाई ने कहा- हमारे लिए गर्व का दिन
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 15 Oct 2019 7:14 AM
रांची : आतंकी हमले में कश्मीर के बारामूला में शहीद संतोष गोप का पार्थिव शरीर विमान से सोमवार की देर शाम रांची एयरपोर्ट लाया गया. झारखंड के सपूत संतोष को श्रद्धांजलि देने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, स्पीकर दिनेश उरांव, लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी के अलावा सेना के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल […]
रांची : आतंकी हमले में कश्मीर के बारामूला में शहीद संतोष गोप का पार्थिव शरीर विमान से सोमवार की देर शाम रांची एयरपोर्ट लाया गया. झारखंड के सपूत संतोष को श्रद्धांजलि देने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, स्पीकर दिनेश उरांव, लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी के अलावा सेना के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल संजय पुरी, ब्रिगेडियर संजीव कुमार, कर्नल विकास गौतम, एयरपोर्ट निदेशक सहित सैकड़ों लोग एयरपोर्ट पहुंचे. पार्थिव शरीर देख कर हर किसी की आंखें नम थीं. अपनी शहादत से झारखंड समेत पूरे देश का नाम रौशन करने वाले शहीद संतोष गोप का पार्थिव शरीर मंगलवार की सुबह उसके पैतृक गांव लाया जाएगा जहां दक्षिणी कोयल नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा.
सोमवार शाम 5:45 बजे श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम शुरू हुआ. एयरपोर्ट के पुराने आगमन गेट के समीप शहीद संतोष को सलामी दी गयी. इससे पूर्व सेना के जवान उनके पार्थिव शरीर को कंधे पर रख कर श्रद्धांजलि स्थल तक ले कर आये़ संतोष के चचेरे भाई गोसाई गोप सहित अन्य लोग भी श्रद्धांजलि देने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे. शहीद संतोष गोप के अंतिम दर्शन के लिए एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. जैसे ही शहीद का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर एयरपोर्ट से बाहर निकला संतोष गोप अमर रहे के नारे लगने लगे..
गुमला भेजा जायेगा पार्थिव शरीर : रात होने की वजह से फिलहाल उनके पार्थिव शरीर को नामकुम स्थित मिलिट्री अस्पताल में रखा गया है. मंगलवार सुबह उनका पार्थिव शरीर गुमला के बसिया प्रखंड के टेंगरा ग्राम ले जाया जायेगा. जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुबह 10 बजे पूरे सैनिक सम्मान के साथ मुखाग्नि दी जायेगी.
संतोष की शहादत व्यर्थ नहीं जायेगी : राज्यपाल
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जायेगी. शहीद परिवार के साथ हम लोग हमेशा खड़े रहेंगे, उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध दी जायेगी.
पूरा झारखंड शहीद के परिवार के साथ खड़ा है
स्पीकर दिनेश उरांव ने कहा कि वीर संतोष गोप ने देश के लिए अपने प्राण का बलिदान दिया है़ उसे कोटि-कोटि नमन करता हू़ं आज पूरा झारखंड शहीद के परिवार के साथ खड़ा है.
भाई ने कहा : गर्व का दिन, देश के लिए शहीद हुआ संतोष
संतोष के चचेरे भाई गोसाई गोप ने कहा कि हम लोगों के लिए गर्व का दिन है़ मेरा भाई देश के लिए शहीद हुआ है. परिवार सहित गांव के सभी लोगों को उस पर नाज है. जरूरत पड़ी तो परिवार के अन्य सदस्यों को भी देश हित के लिए सेना में भेजेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










