रांची : आड्रे हाउस का नया नाम महात्मा गांधी स्मृति भवन : रघुवर दास

Updated at : 03 Oct 2018 9:08 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : आड्रे हाउस का नया नाम महात्मा गांधी स्मृति भवन : रघुवर दास

राष्ट्रपिता की 150वीं जयंती पर समारोह का आयोजन जाति धर्म की लड़ाई को छोड़ कर आगे बढ़ने की जरूरत: राज्यपाल रांची : महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मोरहाबादी के बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया. मौके पर […]

विज्ञापन
राष्ट्रपिता की 150वीं जयंती पर समारोह का आयोजन
जाति धर्म की लड़ाई को छोड़ कर आगे बढ़ने की जरूरत: राज्यपाल
रांची : महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मोरहाबादी के बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया. मौके पर मुख्यमंत्री ने रांची स्थित आड्रे हाउस का नाम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी स्मृति भवन किये जाने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सपने को साकार करना सभी का कर्तव्य है. आज झारखंड 99 प्रतिशत ओडीएफ हो चुका है. वर्ष 2014 से पहले राज्य मात्र 16 प्रतिशत ओडीएफ था.
15 नवंबर 2018 तक राज्य शत-प्रतिशत ओडीएफ हो जायेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो अक्तूबर 2014 को राजपथ से जनसमूह को संबोधित करते हुए आह्वान किया था कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर हम स्वच्छ भारत उनके चरणों में समर्पित करें. इस लक्ष्य को पूरा करने में झारखंड अहम भूमिका निभा रहा है.
राज्य के जेलों में बंद कई कैदियों को रिहा किया गया
मुझे क्या, मेरा क्या की भावना से निकलें
मुख्यमंत्री ने कहा कि शत प्रतिशत शौचालयों का उपयोग हो, यह सुनिश्चित करना हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए. इसके लिए मिशन मोड में लोगों के बीच जागरूकता फैलायें. सामुदायिक स्वच्छता सिर्फ सरकारी स्तर पर हो रहे प्रयास से प्राप्त नहीं किया जा सकता, इसके लिए सभी को प्रतिबद्धता और संकल्प के साथ कार्य करने की आवश्यकता है.
मुझे क्या, मेरा क्या की भावना से बाहर निकलकर समाज के विकास में योगदान दें. उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता अपना कर कभी भी किसी समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता है. उन्होंने मुख्य धारा से भटके हुए लोगों से अपील की कि वे मुख्य धारा में लौटकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका अदा करें. आतंकवाद, उग्रवाद, माओवाद रूपी हिंसात्मक रास्तों से निकलकर सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलें.
अहिंसा के रास्ते पर चल कर ही सशक्त
समाज का होगा निर्माण : द्रौपदी मुर्मू
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों व उनके दिखाये रास्ते पर ही चल कर हम एक समृद्ध झारखंड एवं समृद्ध भारत का निर्माण कर सकते हैं.
अहिंसा के रास्ते पर चल कर ही सशक्त समाज का निर्माण हो सकेगा. हम सबों को जाति धर्म की लड़ाई को छोड़ कर आगे बढ़ने की जरूरत है. महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत का सपना, तभी साकार होगा, जब हम सब स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनायेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर आज पूरा देश स्वच्छ भारत के सपनों को पूरा करने में लगा हुआ है. दो अक्तूबर 2019 तक स्वच्छ भारत बनाकर हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चरणों में समर्पित करेंगे. यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी. मौके पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह व खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने भी लोगों को संबोधित किया.
73 महिला प्रशिक्षणार्थियों के बीच
सिलाई मशीन का किया गया वितरण
कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा 73 महिला प्रशिक्षणार्थियों के बीच सिलाई मशीन एवं इलेक्ट्रिक मशीन वितरित किया गया. राज्य के जेलों में बंद 144 कैदियों को भी आज रिहा किया गया, ताकि वे अपनी नयी जिंदगी शुरू कर सकें.
इस अवसर पर सांसद रामटहल चौधरी, विधायक राम कुमार पाहन, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, गृह सचिव एसकेजी रहाटे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार बर्णवाल, उद्योग सचिव विनय कुमार चौबे, दीपांकर पांडा समेत टाना भगत, स्कूली बच्चे व कई बच्चे उपस्थित थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola