झारखंड के सभी जिलों में चलाया जायेगा स्वच्छता अभियान
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 13 Sep 2018 3:09 AM
विज्ञापन
17 से 25 अक्तूबर तक सेवा दिवस मनाया जायेगा रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को देश भर में सबसे ज्यादा सराहा गया है. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए झारखंड सरकार कृतसंकल्पित होकर काम कर रही है. […]
विज्ञापन
17 से 25 अक्तूबर तक सेवा दिवस मनाया जायेगा
रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को देश भर में सबसे ज्यादा सराहा गया है. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए झारखंड सरकार कृतसंकल्पित होकर काम कर रही है. काम अब अंतिम चरण में है. 15 सितंबर से पूरे देश में स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत हो रही है. इस दौरान न गंदगी करेंगे और न करने देंगे का संकल्प सभी लेंगे. दो अक्तूबर महात्मा गांधी की जयंती तक चलनेवाले इस अभियान को जन आंदोलन बनाना है. श्री दास ने यह निर्देश बुधवार को झारखंड के सभी उपायुक्तों को वीडियो-कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में दिया. मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आम लोग, व्यापारिक संगठन, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों को इसमें भागीदारी करनी है. इसके तहत हर दिन एक घंटा सभी को साफ-सफाई के लिए श्रमदान करना है.
अलग से कार्ययोजना बनायें, ताकि स्वच्छता में अव्वल आये झारखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान राज्य को पूरी तरह खुले में शौच मुक्त करने का लक्ष्य पूरा हो जायेगा. दो अक्तूबर को झारखंड खुले में शौच मुक्त हो जायेगा. जिन आठ जिलों में काम पीछे है, उन जिलों से उपायुक्तों से बात कर मुख्यमंत्री ने 30 सितंबर तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी क्रम में 17 से 25 अक्तूबर तक सेवा दिवस मनाया जायेगा. इसके तहत शहरी स्लम में हेल्थ चेकअप कैंप लगाये जायेंगे. सभी उपायुक्त जिले के सिविल सर्जन के साथ बैठक कर एक कार्यक्रम बना लें. जहां कैंप लगना है, उस क्षेत्र को चिह्नित कर लें.
23 सितंबर को आयुष्मान भारत योजना की होगी शुरुआत
श्री दास ने कहा कि 23 सितंबर से आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत पूरे देश में झारखंड से हो रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड आ रहे हैं. आयुष्मान भारत के तहत झारखंड राज्य के चिह्नित 57 लाख परिवारों का पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा किया जायेगा. आयुष्मान भारत योजना सफलतापूर्वक झारखंड में लागू हो सके इसके लिए सांसद, विधायक सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठन से जुड़े लोग अपने-अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे. राज्य के सरकारी अस्पताल इसके लिए तैयारी पूरी कर लें. राज्य के 57 लाख परिवारों को उनका यह हक मिले, इसे सुनिश्चित किया जा रहा है. जब तक एक-एक परिवार को इसका लाभ नहीं मिलेगा, तब तक यह अभियान निरंतर चलता रहेगा.
अच्छा काम करनेवाले मजदूर व कर्मचारी होंगे पुरस्कृत
इसके साथ ही मजदूरों व सफाई कर्मचारियों का एक सम्मेलन भी आयोजित किया जायेगा. इसमें अच्छा काम करनेवाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जायेगा. बैठक में मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव निधि खरे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार बर्णवाल, जल संसाधन व स्वच्छता विभाग की सचिव अाराधना पटनायक, शहरी विकास विभाग के सचिव अजय कुमार समेत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी 24 जिलों के उपायुक्त उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










