पूरे शहर पर मंडरा रहा डेंगू और चिकनगुनिया फैलने का खतरा

Updated at : 11 Aug 2018 3:21 AM (IST)
विज्ञापन
पूरे शहर पर मंडरा रहा डेंगू और चिकनगुनिया फैलने का खतरा

रांची : पिछले करीब दस दिनों से हिंदपीढ़ी का नाम राजधानीवासियों की जुबान पर है, क्योंकि इस क्षेत्र में अब तक 300 से ज्यादा चिकनगुनिया और डेंगू के मरीज मिले हैं. एक ही इलाके में इतनी बड़ी संख्या में मच्छर जनित बीमारियों से पीड़ित मरीजों के मिलने से जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और रांची नगर […]

विज्ञापन

रांची : पिछले करीब दस दिनों से हिंदपीढ़ी का नाम राजधानीवासियों की जुबान पर है, क्योंकि इस क्षेत्र में अब तक 300 से ज्यादा चिकनगुनिया और डेंगू के मरीज मिले हैं. एक ही इलाके में इतनी बड़ी संख्या में मच्छर जनित बीमारियों से पीड़ित मरीजों के मिलने से जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और रांची नगर निगम के अधिकारी सकते में हैं.

रांची नगर निगम की ओर से 150 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और पांच वाहनों को लगाकर हिंदपीढ़ी इलाके में दिन रात सफाई व फॉगिंग करायी जा रही है. लेकिन, सवाल यह उठता है कि क्या केवल हिंदपीढ़ी में ही गंदगी है? जवाब है नहीं, शहर में कई ऐसे और भी इलाके हैं, जहां गंदगी का अंबार लगा हुआ है और नालियां कचरे के ढेर से जाम हैं. हालत यह है कि कई जगहों पर हरमू नदी में भी कचरे का ढेर लगा हुआ है. अगर इन क्षेत्रों की भी साफ-सफाई जल्द नहीं करायी गयी, तो वह दिन दूर नहीं जब इन इलाकों में भी हिंदपीढ़ी जैसे ही हालात हो जायेंगे.
ध्यान नहीं दे रहा रांची नगर निगम
हिंदपीढ़ी में चिकनगुनिया और डेंगू फैलने के बाद चलाया गया अभियान दूसरे इलाकों में भी लगे हैं कूड़े के ढेर
शहर के अन्य हिस्सों में भी लगा हुआ है कचरे का अंबार, सफाई न हुई, तो बिगड़ेंगे हालात
डाेरंडा क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की हालत भी खस्ताहाल है. कुम्हार टोली, मिस्त्री माेहल्ला, बाजार मोहल्ला, कुरैशी मोहल्ला, मुरगी मोहल्ला एवं हाथी खाना में नालियां पूरी तरह से कचरे से जाम हैं. क्षेत्र के समाजसेवी इमराज रजा अंसारी कहते हैं कि डोरंडा क्षेत्र में भी कई लोगों को बुखार आने की शिकायत मिली है. कहीं ऐसा नहीं हो कि डोरंडा में भी हिंदपीढ़ी जैसे हालात पैदा हो जायें. इसलिए निगम से हमारा आग्रह है कि वह यहां हिंदपीढ़ी जैसा ही विशेष सफाई अभियान चलाये.
सफाई व्यवस्था के मामले में कांटाटाेली, सामलौंग व चुटिया क्षेत्र का भी हाल बुरा है. धुमसा टोली, कृष्णापुरी, कांटाटोली हरिजन बस्ती, कुरैशी मोहल्ला, सामलौंग में भी जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं. नालियां जाम हैं. लंबे समय से पानी जमा होने के कारण इन क्षेत्रों में भी मक्खी-मच्छराें का प्रकोप बढ़ गया है. इसके अलावा करबला टैंक रोड, गौस नगर, आजाद बस्ती आदि मोहल्लों में साफ सफाई की हालत बहुत खराब है.
बरियातू के दीपाटोली क्षेत्र के न्यूनगर इलाके में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है. मवेशी उसे फैला रहे हैं. जगह-जगह जलजमाव है. सबसे ज्यादा परेशानी विवेक मेमाेरियल स्कूल जानेवाले रास्ते में है. वहां खाली पड़े मैदान में कचरा फैला हुआ है. जगह-जगह पानी जमा है. इसी रास्ते से बच्चे स्कूल जाते हैं व मोहल्ला के लोग निकलते है. क्षेत्र में फॉगिंग कब हुई है, यह लोगों को पता ही नहीं है.
मेन रोड के भी कई इलाके गंदगी और अव्यवस्था का शिकार हैं. यहां पंजाब स्वीट के बगल वाली गली स्थित मीना अपार्टमेंट के सामने की स्थिति भी कचरे का अंबार लगा हुआ है. यहां काफी दिनों से पुराने वाहन पड़े हुए हैं. वाहन में बारिश का पानी जमा रहता है, जिसमें डेंगू व चिकनगुनिया के मच्छर पल रहे हैं. अपार्टमेंट के लोगों ने कई बार वाहन को हटाने का आग्रह किया है, लेकिन वाहन मालिक वाहन को नहीं हटाते हैं.
मधुकम व किशोरगंज
रातू रोड के दक्षिणी और हरमू रोड के पश्चिमी भाग में मधुकम, किशोरगंज व पहाड़ी टोला मोहल्ला बसा हुआ है. यहां डोर-टू-डोर कचरे का उठाव तो होता है, लेकिन यहां नालियां पूरी कचरे से पैक हैं. जाम नालियों के कारण मक्खी मच्छरों का प्रकोप भी यहां काफी बढ़ गया है. क्षेत्र के अधिकतर लोगों ने कहा कि नालियों की सफाई पिछले कई साल से नहीं हुई है. मोहल्ले में कई जगह ओपेन स्पेस है, जहां लोग कूड़ा व कचरा फेंक देते हैं.
अगर इन कचरे को भी यहां से नहीं हटाया गया तो आनेवाले दिनों में इस क्षेत्र में भी महामारी फैलने की आशंका है. इसके अलावा पिस्का मोड़, सरोवर नगर में आदि क्षेत्र में भी नालियां पूरी तरह से जाम है. यही स्थिति अपर बाजार क्षेत्र की भी है. यहां सड़कों की सफाई व्यवस्था तो चकाचक है. लेकिन, नालियों की हालत नारकीय है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola