PBKS के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे नरेन और चक्रवर्ती, KKR के कप्तान ने किया खुलासा

Updated at : 06 Apr 2026 8:12 PM (IST)
विज्ञापन
KKR vs PBKS Sunil Narine and Varun Chakaravarthy

सुनील नरेन (बाएं) और वरुण चक्रवर्ती (दाएं), Pic- Social Media/X

KKR vs PBKS: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के खिलाफ अहम मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के दो मुख्य स्पिनर सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती नहीं खेल रहे हैं. नरेन बीमार हैं और वरुण को चोट लगी है. कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इनकी जगह नवदीप सैनी और रोवमैन पॉवेल को मौका दिया है.

विज्ञापन

KKR vs PBKS: आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को भारी नुकसान उठाना पड़ा है. पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ ईडन गार्डन्स में हो रहे मैच में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने टॉस जीता. उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है. इसी दौरान रहाणे ने जानकारी दी कि टीम के दो अहम स्पिन गेंदबाज सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती आज का मैच नहीं खेल रहे हैं. दोनों टीमों के कप्तानों ने अपनी प्लेइंग इलेवन की जानकारी दी है.

दो बड़े बदलाव की क्या है असली वजह ?

टॉस के वक्त अजिंक्य रहाणे ने बताया कि टीम में किए गए दोनों बदलाव मजबूरी का नतीजा हैं. वरुण चक्रवर्ती को पिछले मुकाबले में कैच पकड़ते समय चोट लग गई थी. इस कारण वह आज मैदान पर उतरने के लिए फिट नहीं हैं. वहीं सुनील नरेन बीमार होने के कारण इस मैच का हिस्सा नहीं बन पाए. टूर्नामेंट की शुरुआत में ही इन दो प्रमुख खिलाड़ियों का बाहर होना टीम के संतुलन को प्रभावित कर सकता है. शुरुआती मैचों में लय तलाश रही किसी भी टीम के लिए यह अच्छी खबर नहीं है.

सैनी और पॉवेल को मिली टीम में जगह

नरेन और वरुण के ना होने से केकेआर ने अपनी टीम में नवदीप सैनी और रोवमैन पॉवेल को शामिल किया है. वरुण की जगह नवदीप सैनी आए हैं जो तेज गति से गेंद फेंकते हैं. सुनील नरेन की जगह रोवमैन पॉवेल को मौका मिला है. ये दोनों खिलाड़ी वरुण और नरेन से बिलकुल अलग तरह का खेल दिखाते हैं. नरेन और वरुण टीम को जो संतुलन देते थे, उसकी जगह अब रहाणे को आज के मैच में अपनी पूरी रणनीति बदलनी पड़ रही है.

211 विकेट लेने वाले नरेन की खलेगी कमी

सुनील नरेन केकेआर के इतिहास में सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए हैं. उन्होंने अब तक 198 पारियों में 211 विकेट चटकाए हैं. नरेन बीच के ओवरों में रन रोकते हैं और कप्तान को कई विकल्प देते हैं. वरुण चक्रवर्ती भी बीच के ओवरों में विकेट निकालने वाले अहम गेंदबाज माने जाते हैं. इन दोनों के बिना केकेआर के बाकी गेंदबाजों पर आज अतिरिक्त दबाव रहेगा. टीम के बाकी खिलाड़ियों को नरेन और वरुण के हिस्से के ओवर और उनके काम की भरपाई करनी होगी.

पंजाब किंग्स की टीम में कोई बदलाव नहीं

दूसरी तरफ पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के समय कहा कि वह भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे. पंजाब की टीम में आज कोई बदलाव नहीं किया गया है. टीम उसी टीम के साथ उतरी है जिसने पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को मात दी थी. अय्यर ने साफ किया कि टीम में तालमेल अच्छा है और वे केकेआर के खिलाफ इसी लय को बरकरार रखना चाहते हैं. ईडन गार्डन्स की पिच थोड़ी सूखी है लेकिन क्रिकेट खेलने के लिए बहुत अच्छी है.

KKR के लिए क्यों अहम है यह मुकाबला?

आईपीएल 2026 में अबतक कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने दो मुकाबले खेले हैं. दोनों ही मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा है. इसी के चलते पंजाब किंग्स के खिलाफ इस मैच में टीम के लिए जीत जरुरी है. जिसके कारण यह मुकाबला KKR के लिए अहम है. कोलकाता ने इस सीजन में अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस से 6 विकेट से हारा था.

वहीं दूसरे मैच में KKR को सनराइजर्स हैदराबाद ने 65 रन से मात दी थी. इसके बाद अगर पॉइंट्स टेबल की बात करें तो इस वक्त कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम नौवे स्थान पर है. उनको दोनों मैच में हार मिलने के कारण उनका नेट रन रेट -1.964 है. अगर इस मुकाबले में पंजाब किंग्स जीतता है तो उनकी यह लगातार तीसरी जीत होगी और वह पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच जाएंगे.

दोनों टीम की प्लेइंग इलेवन

पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन- प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल.

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन- फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी.

ये भी पढ़ें-

KKR vs PBKS: कोलकाता ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, प्लेइंग 11 में हुए 2 बदलाव

धोनी के बिना बेहाल हुई CSK, गायकवाड़-सैमसन फ्लॉप, माही पर टिकी निगाहें

ईशान किशन ने की बड़ी गलती, स्टैंड्स में मायूस दिखीं गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola