क्लस्टर-4 एथलेटिक्स व भारोत्तोलन प्रतियोगिता का भव्य समापन, डीएवी रजरप्पा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

फोटो फाइल : 26 चितरपुर सी - दौड़ में शामिल विद्यार्थी | Prabhat Khabar Network
सीसीएल रजरप्पा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय क्लस्टर-4 एथलेटिक्स और भारोत्तोलन प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित।
रजरप्पा: सीसीएल रजरप्पा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय डीएवी स्पोर्ट्स क्लस्टर लेवल एथलेटिक्स मीट एवं भारोत्तोलन प्रतियोगिता (क्लस्टर-4) का सोमवार को रंगारंग समापन हो गया. प्रतियोगिता में झारखंड क्लस्टर-4 के सात डीएवी विद्यालयों के लगभग 300 खिलाड़ियों ने 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग में एथलेटिक्स और भारोत्तोलन की विभिन्न स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला. समापन समारोह में मुख्य रूप से रजरप्पा क्षेत्र के सीएसआर नोडल पदाधिकारी आशीष झा एवं स्टाफ ऑफिसर (पर्सनल) रामानुज प्रसाद शामिल हुए. अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया.
नोडल पदाधिकारी श्री झा ने सभी विद्यालयों से आए खेल शिक्षकों, टीम मैनेजरों, खेल अधिकारियों, कार्यालय कर्मियों एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी. विद्यालय के प्राचार्य डॉ. साहू ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की कुंजी है.
उन्होंने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय और क्लस्टर का नाम रोशन करने का आह्वान किया. प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी अगले महीने आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय डीएवी खेल प्रतियोगिता में क्लस्टर-4 का प्रतिनिधित्व करेंगे.
इस अवसर पर डीएवी गिद्दी के प्राचार्य मन्ना प्रिय चटर्जी, डीएवी बरही के प्राचार्य पी.के. झा, डीएवी केदला के प्राचार्य बी.के. बनर्जी, डीएवी तापिन के प्राचार्य रवींद्र कुमार पात्रा तथा झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सी.डी. सिंह भी मौजूद रहे. विद्यार्थियों ने विभिन्न इवेंट्स में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रतियोगिता के दूसरे दिन 4×400 मीटर एवं 4×100 मीटर रिले रेस, डिस्कस थ्रो, 1500 मीटर दौड़, ऊंची कूद तथा जेवलिन थ्रो सहित कई स्पर्धाएं आयोजित हुईं. डीएवी रजरप्पा, डीएवी कोडरमा, डीएवी बरही और डीएवी गिद्दी के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए. 19 वर्ष बालक वर्ग की 4×400 मीटर रिले में डीएवी रजरप्पा प्रथम, डीएवी कोडरमा द्वितीय तथा डीएवी बरही तृतीय रहा. 17 वर्ष बालिका वर्ग की जेवलिन थ्रो स्पर्धा में डीएवी रजरप्पा की पल्लवी किस्कू ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि 19 वर्ष बालिका वर्ग में स्मिता शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. 14 वर्ष बालिका वर्ग के जेवलिन थ्रो में डीएवी रजरप्पा की एंजेल कुमारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया. इसके अलावा विभिन्न रिले स्पर्धाओं में भी डीएवी रजरप्पा के खिलाड़ियों ने कई वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुरेंद्र कुमार
सुरेंद्र कुमार चितरपुर क्षेत्र से प्रभात खबर के साथ लगभग 30 वर्षों से जुड़ कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. समाचार संकलन के दौरान सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक तथा जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. वह निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










