प्रेस क्लब रामगढ़ की वार्षिक आमसभा संपन्न, अगस्त के अंतिम सप्ताह में होगा चुनाव

दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन करते विधायक व अन्य | Prabhat Khabar Network
रामगढ़ प्रेस क्लब की वार्षिक आमसभा में दो वर्षों का प्रतिवेदन पेश किया गया. अगस्त के अंतिम सप्ताह में क्लब के नए चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है.
रामगढ़: प्रेस क्लब रामगढ़ की वार्षिक आमसभा रविवार को प्रेस क्लब परिसर में आयोजित की गई. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी, विशिष्ट अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी तथा सम्मानित अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता बंशीधर गोप और रुपेश कुमार उपस्थित रहे. क्लब के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार वीरू और सचिव धनेश्वर प्रसाद ने अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. आमसभा में उठाए गए विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार वीरू ने कहा कि उनकी टीम ने क्लब के सदस्यों के हित में अधिक से अधिक कार्य करने का प्रयास किया है.
प्रेस क्लब के सचिव ने वर्ष 2024-26 के दो वर्षीय कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि पत्रकार हितों को प्राथमिकता देते हुए वार्षिक सदस्यता शुल्क कम किया गया. सभी सदस्यों के लिए सामूहिक बीमा की व्यवस्था की गई तथा पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. आमसभा में कई प्रस्ताव पारित किए गए. नई कार्यकारिणी द्वारा जांच के बाद नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने और पत्रकारिता छोड़ चुके सदस्यों की सदस्यता समाप्त करने का निर्णय लिया गया. पूर्व की तरह 15 सदस्यीय कमेटी के गठन पर भी सहमति बनी.
बैठक में सत्र 2026-28 का चुनाव जिला प्रशासन की देखरेख में कराने तथा भविष्य में फरवरी माह में वार्षिक आमसभा और मार्च में चुनाव कराकर एक अप्रैल से नए सत्र की शुरुआत करने का निर्णय लिया गया. साथ ही प्रेस क्लब का चुनाव 15 अगस्त के बाद शुरू करने और अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में संपन्न कराने पर भी सहमति बनी. कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष दुर्वेज आलम और कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह ने संयुक्त रूप से किया. धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र सिंह ने किया. इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, पूर्व सचिव योगेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व कोषाध्यक्ष तरुण बागी सहित बड़ी संख्या में प्रेस क्लब के सदस्य और पत्रकार उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










