पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा में डबल मर्डर से सनसनी, दामाद ने पत्नी और सास को उतारा मौत के घाट

Updated:
विज्ञापन

मामले की जांच में जुटी पुलिस | Prabhat Khabar Network

पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा में एक दामाद ने अपनी पत्नी और सास की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी. आरोपी वारदात के बाद फरार है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन

सुजीत कुमार मण्डल, लिट्टीपाड़ा

झारखंड के पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. एक दामाद ने अपनी पत्नी और सास की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. वारदात के समय घर में मौजूद तीन मासूम बच्चों ने पूरी घटना देखी. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. मृतकों की पहचान 45 वर्षीय मेंजा बेवा और उनकी 21 वर्षीय बेटी गुलचेहरा बीवी के रूप में हुई है. हत्या का आरोप गुलचेहरा के पति एब्रास अंसारी पर है.

मुंबई से लौटा था आरोपी, रात में हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, गुलचेहरा बीवी की शादी करीब छह वर्ष पहले लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के बिचामहल गांव निवासी एब्रास अंसारी से हुई थी. शादी के बाद एब्रास अपने ससुराल में घर जमाई के रूप में रह रहा था. दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी करीब छह वर्ष की है, जबकि सबसे छोटा बेटा महज ढाई से तीन महीने का है. बताया जा रहा है कि एब्रास मुंबई की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता था और बुधवार शाम ही मुंबई से घर लौटा था. रात में खाना खाने के बाद वह पत्नी और छोटे बेटे के साथ कमरे में सोने चला गया. आधी रात को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि गुस्से में एब्रास ने चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया.

बचाने पहुंची सास की भी कर दी हत्या

पत्नी की चीख सुनकर उसकी मां मेंजा बेवा कमरे में पहुंची. आरोप है कि एब्रास ने उन पर भी चाकू से हमला कर गला रेत दिया. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

बेटी ने पड़ोसियों को दी सूचना

घटना के बाद आरोपी घर में रखे पत्नी के आधार कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गया. मृतका की बड़ी बेटी रात में पड़ोसियों के घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी.

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस देर रात घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस हत्या के कारणों की भी जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- Jharkhand Liquor Scam: पूर्व अफसरों से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर बढ़ा जांच का दायरा

ये भी पढ़ें- धनबाद में चोर को पकड़ने के बाद पुलिस टीम पर हमला, भूली ओपी के SI हरिप्रकाश मिश्रा घायल




विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola