पद्म भूषण शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी भीड़
पुराना डीसी मोड़ पर गुरुजी शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करते अतिथि. | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ में पद्म भूषण शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण किया गया. सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में नेताओं और लोगों ने गुरुजी के संघर्षों को याद कर उन्हें नमन किया.
संवाददाता, पाकुड़
झारखंड आंदोलन के पुरोधा एवं मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित गुरुजी शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का मंगलवार को पुराना डीसी मोड़ पर अनावरण किया गया. प्रतिमा स्थल पर आयोजित समारोह में महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष श्याम यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने फीता काटकर प्रतिमा का उद्घाटन करने के साथ की. इसके बाद प्रतिमा से आवरण हटाकर गुरुजी की आदमकद प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया. अनावरण के बाद सभी अतिथियों ने बारी-बारी से गुरुजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. इस दौरान पूरा परिसर 'गुरुजी अमर रहें' और 'जोहार गुरुजी' के नारों से गूंज उठा. बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने गुरुजी के संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड आंदोलन में उनकी ऐतिहासिक भूमिका तथा आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद किया.
महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि गुरुजी ने शोषण और अन्याय के खिलाफ आजीवन संघर्ष कर समाज के अंतिम व्यक्ति को आवाज दी. उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए साहस, संघर्ष और सामाजिक चेतना का प्रेरणास्रोत है. लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि अलग झारखंड राज्य का सपना साकार कराने में गुरुजी का योगदान अविस्मरणीय है. उन्होंने आदिवासी-मूलवासी समाज को राजनीतिक पहचान दिलाने के साथ सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा दी.
वहीं कांग्रेस नेता तनवीर आलम ने कहा कि नेमरा गांव से शुरू हुआ गुरुजी का संघर्ष पूरे देश में आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की पहचान बन गया. कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और हजारों लोगों ने गुरुजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
ये भी पढ़ें...
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रमेश भगत
रमेश भगत प्रभात खबर, पाकुड़ में ब्यूरो चीफ हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 15 वर्षों के पत्रकारिता करियर की शुरुआत दिल्ली में CNEB News Channel से की. इसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ईएमएमसी (EMMC) और डीडी न्यूज में कार्य किया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में उन्हें व्यापक अनुभव है. राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसरोकार सहित हर विधा की खबरों की रिपोर्टिंग और विश्लेषण में उनकी विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










