JPSC-JSSC परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर JLKM का धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Updated:
विज्ञापन

झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ JLKM ने प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और CBI जांच की मांग की.

विज्ञापन

पाकुड़: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता मार्क बास्की के नेतृत्व में बुधवार को समाहरणालय परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की गई.

धरना को संबोधित करते हुए मार्क बास्की ने कहा कि राज्य के लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रतियोगी परीक्षाओं पर निर्भर है, लेकिन लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भरोसा टूट रहा है. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह होनी चाहिए. TDPL एजेंसी की भूमिका, परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि किसी भी परीक्षा में गड़बड़ी सिद्ध होती है तो उसे रद्द कर निष्पक्ष तरीके से दोबारा आयोजित कराया जाए.

ज्ञापन में TDPL एजेंसी के चयन की उच्चस्तरीय जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. साथ ही एजेंसी द्वारा आयोजित परीक्षाओं की जांच कर अनियमितता मिलने पर उन्हें रद्द कर पुनः आयोजित कराने की भी मांग की गई है.

संगठन ने 11वीं से 13वीं संयुक्त मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा के ऑनलाइन मूल्यांकन की स्वतंत्र जांच, 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा की निष्पक्ष जांच तथा आवश्यकता पड़ने पर पुनः परीक्षा कराने की मांग की है. इसके अलावा JPSC और JSSC से जुड़े मामलों की CBI जांच, विशेष फास्ट ट्रैक न्यायालय के गठन, आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों की योग्यता आधारित नियुक्ति तथा उच्चस्तरीय चयन समिति के गठन की भी मांग उठाई गई.

धरना-प्रदर्शन में जिला महासचिव जतन हांसदा, प्रेम प्रकाश सोरेन, जिला उपाध्यक्ष राजीव राय, मो. तस्लीम अंसारी, जिला संगठन सचिव उमेश सिंह, प्रमोद मुर्मू, देवीश हांसदा, संतोष टुडू, लालचंद राय तथा हरेराम हेंब्रम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.


विज्ञापन
रमेश भगत

लेखक के बारे में

By रमेश भगत

रमेश भगत प्रभात खबर, पाकुड़ में ब्यूरो चीफ हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 15 वर्षों के पत्रकारिता करियर की शुरुआत दिल्ली में CNEB News Channel से की. इसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ईएमएमसी (EMMC) और डीडी न्यूज में कार्य किया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में उन्हें व्यापक अनुभव है. राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसरोकार सहित हर विधा की खबरों की रिपोर्टिंग और विश्लेषण में उनकी विशेष रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola