बेतिया में राष्ट्रीय हड्डी एवं जोड़ दिवस पर मुफ्त बीएमडी जांच, लोगों को किया गया जागरूक
राष्ट्रीय हड्डी एवं जोड़ दिवस के अवसर पर बेतिया में नि:शुल्क बीएमडी जांच और जागरूकता अभियान चलाया गया. इसका उद्देश्य लोगों को हड्डियों से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम और समय पर जांच के प्रति जागरूक करना था.
Bettiah News: इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के आह्वान पर बिहार ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन एवं रोटरी क्लब बेतिया सेंट्रल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राष्ट्रीय हड्डी एवं जोड़ दिवस के अवसर पर बसवरिया माइकल कॉलोनी स्थित नारायणी सुपर स्पेशलिटी ऑर्थोपेडिक क्लिनिक में नि:शुल्क बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हड्डियों से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम और समय पर जांच के प्रति जागरूक करना था.
विशेषज्ञों ने हड्डियों की देखभाल पर दिया जोर
कार्यक्रम का उद्घाटन हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश कुमार, रोटरी क्लब बेतिया सेंट्रल की अध्यक्ष डॉ. शीला रंजन, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमार तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. डॉ. उमेश कुमार ने बताया कि 3 से 8 अगस्त तक राष्ट्रीय हड्डी एवं जोड़ सप्ताह तथा 4 अगस्त को राष्ट्रीय हड्डी एवं जोड़ दिवस मनाया जाता है.
ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव के लिए समय पर जांच जरूरी
डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, धूम्रपान एवं शराब से परहेज, मोटापे पर नियंत्रण तथा समय-समय पर बीएमडी जांच कराने से ऑस्टियोपोरोसिस सहित कई हड्डी रोगों से बचाव संभव है. वहीं डॉ. शीला रंजन ने बताया कि 40 वर्ष की आयु के बाद महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए चिकित्सकीय सलाह के अनुसार समय पर जांच और उपचार आवश्यक है.
नि:शुल्क जांच और चिकित्सकीय परामर्श
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में मरीजों एवं उनके परिजनों की नि:शुल्क बीएमडी जांच की गई. जांच के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श भी दिया. डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम लोगों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
रोटरी क्लब के सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में डीजी रोटेरियन सुजय सिन्हा, क्लब डायरेक्टर रोटेरियन अभिनव कुमार, डॉ. रश्मि कुमारी सहित रोटरी क्लब बेतिया सेंट्रल के कई सदस्य मौजूद रहे. सभी ने हड्डियों की बेहतर देखभाल और समय पर जांच कराने के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गणेश वर्मा
गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए