नरकटियागंज में दहेज के लिए विवाहिता पर हमला, पति समेत सात लोगों पर एफआईआर

Updated:
विज्ञापन

शिकारपुर थाना

पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता पर उसके पति और ससुराल पक्ष के सात लोगों ने जानलेवा हमला किया. पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने मारपीट की और गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया.

विज्ञापन

West Champaran News: नरकटियागंज नगर के दिउलिया वार्ड संख्या-24 की एक विवाहिता ने पति समेत सात लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है. पीड़िता रिजवाना खातून की शिकायत पर शिकारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Narkatiaganj News: 5 लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप

पीड़िता रिजवाना खातून ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व उनकी शादी बेतिया निवासी मो. फौजान आमीर से हुई थी. शादी में पिता ने लगभग नौ लाख रुपये के सामान और तीन लाख रुपये नकद दिए थे. शादी के बाद एक पुत्र भी हुआ. आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष व्यवसाय के लिए पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे.

दहेज नहीं देने पर मारपीट और हत्या के प्रयास का आरोप

विवाहिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति, सास, ससुर, देवर, दो ननद और बहनोई ने उसके साथ मारपीट की. आरोप के अनुसार रात करीब आठ बजे सभी आरोपित कमरे में घुस गए और लाठी एवं ईंट से हमला किया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति और सास ने दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास भी किया. शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपित वहां से फरार हो गए.

इलाज के बाद दर्ज कराई प्राथमिकी

घटना के बाद रिजवाना अपने भाई के साथ मायके पहुंचीं और अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज में भर्ती होकर इलाज कराया. पीड़िता ने बताया कि मामले को लेकर पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल पक्ष बिना पांच लाख रुपये दहेज लिए साथ रखने को तैयार नहीं हुआ.

पुलिस ने शुरू की जांच

शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता की शिकायत पर पति मो. फौजान आमीर, ससुर मो. आमीर, सास रौशनतारा बेगम उर्फ हुस्नेआरा, देवर फैसल आमीर, ननद नाजो खातून, मैनाज खातून तथा बहनोई मो. शिबु उर्फ इस्तेखार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

यह भी पढ़ें: लौरिया चीनी मिल के पूर्व कर्मियों ने 30 साल से लंबित मजदूरी भुगतान की मांग उठाई


विज्ञापन
सतीश कुमार पांडेय

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन