अपहरण मामले में विधायक ने एसडीआरएफ सर्च अभियान का लिया जायजा, न्याय का दिलाया भरोसा
गंडक नदी में जाने के दौरान टीम व पुलिस पदाधिकारी
बगहा में मछली व्यवसायी के 11 वर्षीय पुत्र के अपहरण की घटना से हड़कंप मच गया है. बगहा विधायक राम सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव मदद और शीघ्र न्याय का आश्वासन दिया है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं, साथ ही एसडीआरएफ की टीम गंडक नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही है.
Bagaha News: बगहा नगर परिषद के वार्ड संख्या-26 निवासी मछली व्यवसायी तुलसी साह के 11 वर्षीय पुत्र के अपहरण की घटना को लेकर मंगलवार को बगहा विधायक राम सिंह पीड़ित परिवार के आवास पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया तथा हरसंभव सहयोग और शीघ्र न्याय का भरोसा दिलाया.
अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
विधायक राम सिंह ने मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) निहार भूषण एवं बगहा थानाध्यक्ष शैलेश कुमार को बुलाकर मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच करने तथा अपहृत बालक की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई करे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो.
एसडीआरएफ के साथ घटनास्थल का लिया जायजा
परिजनों से मुलाकात के बाद विधायक ने एसडीआरएफ की टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि गंडक नदी में एसडीआरएफ की दो टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं. प्रशासन सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच और खोज अभियान में जुटा हुआ है.
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
विधायक राम सिंह ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि अपहृत बालक की सकुशल बरामदगी प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
लगातार प्रशासन के संपर्क में हैं विधायक
विधायक ने कहा कि वह स्वयं पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार प्रशासन के संपर्क में हैं. उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि बालक की सकुशल बरामदगी और न्याय सुनिश्चित कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अचिंत्य कुमार, जिला उपाध्यक्ष रितु जायसवाल, नगर मंडल अध्यक्ष राजन गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष दीपु तिवारी, जिला प्रवक्ता विजय साहू, शैलेश दुबे, अमरेश साहू, विकास दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: पश्चिम चंपारण के इस इलाके का पानी सबसे शुद्ध, जांच में खुलासा- पीने के लिए सबसे बेहतर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










