हाथी के हमले में वृद्ध की मौत, गुस्से में ग्रामीण, मिला मुआवजा

हाथी के हमले में वृद्ध की मौत, गुस्से में ग्रामीण, मिला मुआवजा
कुड़ू़ थाना क्षेत्र के तान गांव में शनिवार देर शाम हाथी के हमले में 55 वर्षीय सीताराम उरांव की मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी. जानकारी के अनुसार, तान गांव निवासी स्व लाले उरांव का पुत्र सीताराम उरांव हाथियों के गांव में प्रवेश करने की सूचना के बाद घर के बाहर बैठा था. इसी बीच अचानक पहुंचे एक हाथी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और पटकने के बाद पैरों से कुचल दिया. गंभीर हालत में ग्रामीणों ने उसे कुड़ू सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना पर जिंगी पंचायत के मुखिया दिलीप उरांव और आजसू नेता लाल गुड्डू नाथ शाहदेव मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर हाथियों को सुरक्षित कॉरिडोर में नहीं पहुंचाया गया तो नेशनल हाइवे जाम किया जायेगा. इधर, कुड़ू वन विभाग के प्रभारी वनपाल विपिन टोप्पो भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा स्वरूप 25 हजार रुपये नकद उपलब्ध कराया और शेष राशि शीघ्र देने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीण शांत हुए. घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया. इधर, लगातार हाथियों द्वारा जान-माल की क्षति से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों व्याप्त है. वे हाथियों को सुरक्षित कॉरिडोर में भेजने की मांग कर रहे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. सीताराम की मौत से परिवार सदमे में : हाथियों के झुंड की चपेट में आकर जान गंवाने वाले सीताराम उरांव की मौत से पूरा परिवार सदमे में है. मृतक अपने पीछे पत्नी जतरी उरांव, दो पुत्र मनील उरांव और एतवा उरांव, दोनों बहू और पोता-पोती छोड़ गये हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार ही नहीं, पूरा गांव दहशत में है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




