लोहरदगा में NIA की रेड: RSS दफ्तर पर हमला मामले में जांच तेज, SP बोले- हमें कार्रवाई की सूचना नहीं
क्रेन के माध्यम से तलाश लेने पहुंचे एनआईए के जवान
रांची स्थित RSS प्रांत कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में NIA की टीम ने लोहरदगा में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई में संदिग्धों के ठिकानों की तलाशी ली गई, जिसमें सैफ और अमन अंसारी के आवास भी शामिल थे.
लोहरदगा से गोपी कृष्ण कुंवर की रिपोर्ट
आपके शहर में
लोहरदगा: रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को लोहरदगा में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की. सुबह करीब चार बजे शुरू हुई एनआईए की यह कार्रवाई कई घंटों तक चली, जिसमें जांच टीम ने संदिग्धों के ठिकानों की गहन तलाशी ली.
सैफ और अमन अंसारी के आवास सहित कई ठिकानों पर तलाशी
एनआईए की टीम ने इस मामले में पहले से ही न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में बंद आरोपी सैफ अंसारी और अमन अंसारी के आवास सहित कुछ अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े और व्यापक इंतजाम किए गए थे. पूरे अभियान को अत्यंत गोपनीय तरीके से संचालित किया गया. सुबह-सुबह अचानक भारी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों और जांच अधिकारियों की मौजूदगी देखकर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, और इस छापेमारी को लेकर दिनभर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.
ये भी पढ़ें: कोल इंडिया के एचआर डायरेक्टर डॉ विनय रंजन को नहीं मिलेगा सेवा विस्तार, 27 जुलाई के बाद कार्यकाल समाप्त
जब नहीं खुला मुख्य दरवाजा, तो क्रेन की मदद से अंदर घुसी एनआईए
छापेमारी के दौरान एक दिलचस्प और चौंकाने वाला वाकया भी सामने आया. तलाशी के दौरान एक संदिग्ध ठिकाने पर जब घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला, तो एनआईए की टीम ने क्रेन का सहारा लिया. टीम क्रेन की मदद से भवन के ऊपरी हिस्से तक पहुंची और वहां से अंदर प्रवेश किया, जिसके बाद तलाशी की प्रक्रिया पूरी की जा सकी. हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए एजेंसी के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों से इस कार्रवाई को लेकर कोई भी जानकारी साझा नहीं की.
एसपी बोले- स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई सूचना
सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान एनआईए को कुछ अहम साक्ष्य और डिजिटल सामग्री हाथ लगी है, जिसे एजेंसी ने अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. गौरतलब है कि इससे पहले भी बीती 19 जून को एनआईए ने इसी मामले को लेकर लोहरदगा के कुछ ठिकानों पर छापेमारी की थी और गुरुवार की कार्रवाई को उसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है. दूसरी ओर, इस पूरी कार्रवाई पर लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि उन्हें एनआईए की इस छापेमारी के संबंध में कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान एनआईए की तरफ से स्थानीय जिला पुलिस से किसी भी प्रकार का तालमेल स्थापित नहीं किया गया और न ही कोई सुरक्षा सहायता मांगी गई थी.
ये भी पढ़ें: हजारीबाग में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली बिजली विभाग के कर्मी की जान, ड्राइवर फरार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए