लोहरदगा में आपराधिक घटना की साजिश नाकाम, हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
लोहरदगा पुलिस की गिरफ्त में दो अपराधी. फोटो: प्रभात खबर
लोहरदगा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया. हत्या की नीयत से हथियार लेकर घूम रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार कर एक ऑल्टो कार, देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
आपके शहर में
लोहरदगा से गोपी कृष्ण कुंवर की रिपोर्ट
Lohardaga News: लोहरदगा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर जिले में होने वाली एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया. पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लोहरदगा थाना पुलिस ने हत्या की नीयत से हथियार लेकर घूम रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपी एक ऑल्टो कार से बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. पुलिस ने उनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ऑल्टो कार बरामद की है.
लोहरदगा एसपी को मिली साजिश की सूचना
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि नीले रंग की ऑल्टो कार में सवार तीन व्यक्ति अवैध हथियार के साथ सोबरन टोली की ओर जा रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही एसडीपीओ, थाना प्रभारी और विशेष टीम ने फटाफट कार्रवाई करते हुए अपर बाजार क्षेत्र में गाड़ियों जांच शुरू की. दोपहर करीब 12 बजे संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेरकर रोक लिया.
दो देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखा गया एक 7.65 एमएम का देसी पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र के लोंगा निवासी हुसैन अंसारी (36 साल), और लोहरदगा थाने के प्रेमनगर निवासी अजय साहू (30 साल)के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश की बात स्वीकार की है. पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें: चंद्रपुरा के थर्मल पावर प्लांट में आश्रितों को नौकरी देने के लिए आंदोलन, मजदरों ने किया गेट जाम
न्यायिक हिरासत में भेजे गए दो अपराधी
इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 102/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, दोनों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक को गोली मारने का आरोप, धनबाद पीएमसीएच में चल रहा इलाज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए