पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, समाज के साथ बेहतर माहौल बनाना प्राथमिकता

पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, समाज के साथ बेहतर माहौल बनाना प्राथमिकता
चंदवा़ प्रखंड की डुमारो पंचायत अंतर्गत काली-कुरमी टोला गांव स्थित खेल मैदान में मंगलवार को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एकदिनी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन लातेहार एसपी कुमार गौरव, पुलिस निरीक्षक रणधीर कुमार, मुखिया सुनीता खलखो, पंसस सुनीता देवी व रोहित यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इससे पूर्व ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया. खेल से संवारें भविष्य, पुलिस है आपके साथ : खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एसपी कुमार गौरव ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलकूद से जोड़कर उनमें अनुशासन और टीम भावना का विकास करना है. उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर एक बेहतर और सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस-ग्रामीण संबंधों को मजबूती मिल रही है, जिससे युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी. पेनाल्टी शूटआउट से हुआ फैसला : टूर्नामेंट में बालक वर्ग की छह और बालिका वर्ग की दो टीमों ने हिस्सा लिया. बालिका वर्ग के फाइनल में लकड़ा सिस्टर्स ने कुरमी टोला को 1-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया. वहीं, बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला बजरमरी और कुरमी टोला के बीच बेहद रोमांचक रहा. निर्धारित समय तक मैच बराबरी पर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें बजरमरी की टीम एक गोल से विजयी रही. विजेताओं को मिला सम्मान : मैच के समापन पर एसपी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इस दौरान सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए एसपी ने खोड़हा मंडली की महिलाओं को साड़ी और पुरुषों को गमछा भेंट किया. मौके पर थाना प्रभारी समेत काफी संख्या में पुलिस बल के जवान और ग्रामीण मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




