वज्रपात से एक युवक की मौत, तीन गंभीर, रिम्स रेफर
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 09 May 2026 10:01 PM
वज्रपात से एक युवक की मौत, तीन गंभीर, रिम्स रेफर
हेरहंज/बालूमाथ़ हेरहंज प्रखंड मुख्यालय स्थित घूरे गांव में शनिवार दोपहर वज्रपात से एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक की पहचान दयानंद साव (28 वर्ष), पिता गणेश साव (घूरे) के रूप में हुई है. घायलों में संदीप कुमार साव पिता जगमोहन साव (घूरे), बबलू यादव पिता राजदेव यादव (हेरहंज) व संदीप कुमार पिता ललित साव (घूरे) शामिल हैं. घटना के बाद लोगों ने सभी घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां चिकित्सकों ने दयानंद साव को मृत घोषित कर दिया. अन्य तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया. पेड़ के नीचे शरण लेना पड़ा भारी : जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार साव अपने घर के पास मनरेगा के तहत कूप निर्माण का कार्य करा रहे थे. तभी दयानंद साव, बबलू यादव और एक अन्य संदीप कुमार वहां पहुंचे. अचानक तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गयी, इससे बचने के लिए चारों युवक पास ही स्थित महुआ और बरगद के पेड़ के नीचे खड़े हो गये. इसी बीच तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से चारों बुरी तरह झुलस गये. परिजनों में मचा कोहराम : दयानंद अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, इसकी शादी साल 2025 में पलामू जिले में हुई थी. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है. स्थानीय प्रशासन ने मामले की जानकारी ली है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










