खेल खत्म, कलेश शुरू! पाकिस्तान महिला टीम की लगातार हार के बीच ड्रेसिंग रूम से लीक हुई अंदर की बात

Edited by Ritu Raj
Updated:
विज्ञापन

आलिया रियाज के पति और फातिमा सना (दाएं)

Dressing Room fight leaked: महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन निराशाजनक तो रहा ही, लेकिन अब बात खेल से आगे बढ़कर टीम के अनुशासन तक पहुंच गई है. टूर्नामेंट में लगातार मिल रही हार के बीच ड्रेसिंग रूम से आपसी तनाव और मतभेदों की खबरें छनकर बाहर आ रही हैं.

विज्ञापन

Dressing Room fight leaked: इंग्लैंड में चल रहे महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. मैदान पर लगातार मिल रही हार के बीच अब टीम के ड्रेसिंग रूम से आपसी मतभेद और तनाव की खबरें भी सामने आने लगी हैं. हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन मीडिया और सोशल मीडिया रिपोर्ट्स टीम के भीतर गहरे असंतोष की ओर इशारा कर रही हैं.

जीत को तरस रही पाकिस्तानी टीम

मंगलवार रात लीड्स के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली शिकस्त ने पाकिस्तान की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है. यह इस टूर्नामेंट में टीम की लगातार चौथी हार थी. सच तो यह है कि इस मेगा इवेंट से पहले जब से टीम आयरलैंड पहुंची है, तब से वह जीत का खाता खोलने के लिए भी तरस रही है. इससे पहले आयरलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ हुई त्रिकोणीय (Tri-series) श्रृंखला में भी पाकिस्तानी टीम का सूपड़ा साफ हो गया था. शर्मनाक रिकॉर्ड्स का यह सिलसिला नया नहीं है; पिछले साल भारत और श्रीलंका में हुए 50 ओवर के विश्व कप में भी यह टीम अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर रही थी.

वहाब रियाज़ और फातिमा सना के बीच टकराव की इनसाइड स्टोरी

बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तानी टीम का माहौल तब तनावपूर्ण हो गया जब कप्तान फातिमा सना ने सीनियर खिलाड़ी आलिया रियाज़ के पति के टीम होटल में रुकने पर आपत्ति जताकर उन्हें बाहर करा दिया. इसके बाद आलिया ने अहम प्रैक्टिस सेशन छोड़ दिया और पति के साथ बाहर चली गईं. इस अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए कप्तान सना उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करना चाहती थीं, लेकिन मेंटर वहाब रियाज़ के दखल के कारण आलिया को मैच में खिलाया गया. आखिरकार, बांग्लादेश से मिली हार और आलिया के खराब प्रदर्शन के बाद कप्तान का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने ड्रेसिंग रूम में पूरी टीम के सामने सीधे तौर पर वहाब रियाज़ को इस हार और नियमों की अनदेखी के लिए दोषी ठहरा दिया.

रणनीतियों को ठेंगा दिखा रहे पाकिस्तानी खिलाड़ी

सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस समय पाकिस्तानी क्रिकेट टीम गंभीर आंतरिक गुटबाजी का सामना कर रही है. कोचिंग स्टाफ और कुछ सीनियर खिलाड़ियों के बीच के रिश्ते काफी तनावपूर्ण हो गए हैं. कोचों का मुख्य आरोप है कि मैच के लिए तैयार की जाने वाली रणनीतियों और योजनाओं को खिलाड़ी मैदान पर लागू करने में पूरी तरह नाकाम रह रहे हैं. वैसे, पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम का यह अशांत माहौल कोई नया नहीं है. इससे पहले 2023 और 2024 के आईसीसी विश्व कप में भी टीम के खराब प्रदर्शन के दौरान ऐसी ही गुटबाजी की बातें सामने आई थीं, जिनकी पुष्टि बाद में हो गई थी. टीम अपनी इसी पुरानी बीमारी से एक बार फिर जूझती दिख रही है.

पीसीबी के बार-बार बदलते फैसलों से बेपटरी हुई टीम

टीम के इस खराब प्रदर्शन और पटरी से उतरने के पीछे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अस्थिर फैसलों को भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है. पिछले 3-4 सालों में बोर्ड ने महिला टीम के मुख्य कोच के पद को जैसे ‘म्यूजिकल चेयर’ बना दिया है. इस छोटे से कार्यकाल में जहां मार्क कोल्स जैसे विदेशी कोच को जिम्मेदारी दी गई, वहीं जुनैद खान, बासित अली, सलीम जाफर और मोहताशिम रशीद जैसे कई स्थानीय दिग्गजों को भी आजमाया गया. हालांकि, कोचों में लगातार किए गए इन बदलावों से टीम के प्रदर्शन में कोई सुधार नहीं हुआ, बल्कि स्थिति और ज्यादा बिगड़ती चली गई.

इसे भी पढ़े- ‘गलती मेरी थी…’, नाइटक्लब विवाद के बाद झुके बेन स्टोक्स; टीम से मांगी माफी

विज्ञापन
Ritu Raj

लेखक के बारे में

By Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola