जयनगर थाना के हाजत में युवक ने की आत्महत्या

Published by :DEEPESH KUMAR
Published at :20 Mar 2026 9:46 PM (IST)
विज्ञापन
जयनगर थाना के हाजत में युवक ने की आत्महत्या

पत्नी के साथ मारपीट की शिकायत पर पुलिस ने लिया था हिरासत में

विज्ञापन

: पत्नी के साथ मारपीट की शिकायत पर पुलिस ने लिया था हिरासत में

: शुक्रवार की सुबह हाजत के अंदर कंबल को फाड़ बना लिया फंदाजयनगर (कोडरमा). जयनगर थाना के हाजत में शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान कटिया परसाबाद निवासी 40 वर्षीय विजय यादव के रूप में हुई है. विजय को उसकी पत्नी चमेली देवी द्वारा की गयी लिखित शिकायत पर परसाबाद पुलिस पिकेट प्रभारी प्रमोद सिंह ने गुरुवार की रात में हिरासत में लिया था और उसे जयनगर थाना हाजत में रखा गया था. उसकी पत्नी ने उस पर शराब के नशे में मारपीट करने तथा कई बार नशे की हालत में घर से बाहर कर देने का आरोप लगाया था. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह विजय की पत्नी और बेटी थाना पहुंची. उससे बातचीत की नाश्ता भी कराया और थाना से निकल गयी. इसी दौरान विजय यादव ने हाजत में रखे कंबल का किनारा फाड़ लिया और उसका फंदा बना कर फांसी लगा ली. पुलिस आनन-फानन में उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक विजय पेशे से चालक था. इधर, इस घटना के बाद मृतक के परिजन पुलिस पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं. आरोप है कि पुलिस हिरासत में मारपीट किये जाने से आहत होकर विजय ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन व ग्रामीण थाना पहुंच गये. हालांकि, पत्नी ने शुरुआत में पुलिस की लापरवाही से इंकार किया था.

पुलिस और मृतक के परिजनों में नोकझोंक, हल्का बल प्रयोग

जयनगर. कटिया निवासी विजय यादव की थाना हाजत में हुई मौत को लेकर शुक्रवार दोपहर बाद परिजन आक्रोशित हो गये. परिजन बड़ी संख्या में थाना परिसर पहुंचे और इंसाफ की मांंग को लेकर हंगामा किया. इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच नोंकझोंक हुई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयाेग करना पडा. परिजन व ग्रामीण शोर मचाते हुए थाना कार्यालय में घुसने का प्रयास कर रहे थे. ऐसे में पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. स्थिति को देखते हुए थाना पुलिस छावनी में बदल गयी. बारिश के बाद भी ग्रामीण घंटों थाना परिसर में अपनी मांग को लेकर डटे रहे. इस दौरान लोग पुलिस पर मारपीट कर विजय की हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे. मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विजय यादव के साथ बेहरमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गयी. थाना में पुलिस द्वारा मृतक की पत्नी को अंदर ले जाने पर भी लोग आक्रोशित दिखे. उनका कहना था कि पुलिस महिला पर दबाव डाल रही है, ताकि वह पुलिस के पक्ष में बयान दे. इधर, मामले की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक सह राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी यादव, जेएलकेएम के केंद्रीय प्रवक्ता रविशंकर यादव, समाजसेवी सुरेंद्र भाई मोदी, महावीर यादव आदि थाना पहुंचे. अध्यक्ष श्री यादव ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया. आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश कुमार यादव ने विजय यादव की पुुलिस हिरासत में हुई संदिग्ध मौत को हत्या करार देते हुए कहा कि पुलिसिया अत्याचार के कारण यह सुनियोजित हत्या हुई है. पुलिस सच्चाई छुपाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच और दोषी पुलिस कर्मियों को तत्काल निलंबित कर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की. मृतक के परिजनों को 50 लाख मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की.

जयनगर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम

कोडरमा. जयनगर थाना के हाजत में विजय यादव नामक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किये जाने के मामले में एसपी अनुदीप सिंह ने जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. उनकी जगह पर सर्किल इंस्पेक्टर सुजीत कुमार को प्रभार दिया गया है. इसके साथ ही पुलिस इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की गाइड लाइन के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है. एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि पुलिस हिरासत में मौत मामले को गंभीरता से लिया गया है. थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है. इसके साथ ही डीएसपी मुख्यालय को पूूरे मामले की जांच सौंपी गयी है. पुलिस हिरासत में किसी भी व्यक्ति की मौत होने पर उसकी जांच के लिए एनएचआरसी की जो गाइड लाइन है, उसका अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है. शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की तैयारी है. इसके लिये मजिस्टेट की प्रतिनियुक्ति की जा रही है.

मृतक की पत्नी ने दिया आवेदन : मृतक की पत्नी चमेली देवी ने पुलिस को आवेदन देकर कटिया पुलिस पिकेट के पुलिस कर्मियों पर पति के साथ मारपीट का आरोप लगाया है. महिला के अनुसार, शिकायत पर रात में पहुंचे पिकेट के पुलिस कर्मी ने मेरे सामने पति के साथ मारपीट की. मैंने विरोध किया, तो मुझे भी गालियां दी गयी. महिला ने मारपीट का आरोप प्रमोद कुमार सिंह, दीपक और चंदन सिंह पर लगाया है. महिला का कहना है कि देर रात विवाद के बाद पुलिस जब मेरे पति को ले गयी, तो एक कर्मी ने उप मुखिया सहदेव यादव को फोन कर कहा कि विजय यादव के साथ क्या करें. उन्होंने पुलिस को विजय को वापस लाने की बात कही तथा बैठक कर पति-पत्नी के बीच का मामला सलटा देने का आश्वासन दिया. पर पुलिस वाले मेरे पति को जबरन जयनगर थाना ले गये. सुबह नौ बजे मुझे फोन आया कि अपने पति को थाना से ले जायें. मैेंने थाना में पति से बात भी की, तो उन्होंने बताया कि उक्त तीनों पुलिस कर्मियों ने मेरे साथ काफी मारपीट की है. इसके 10 मिनट के बाद थाना में शोर होने लगा कि विजय यादव ने दम तोड दिया है. महिला का कहना है कि मेरे पति की मौत पुलिस की मारपीट की वजह से हुई है.

विज्ञापन
DEEPESH KUMAR

लेखक के बारे में

By DEEPESH KUMAR

DEEPESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola