सतगावां में अलग-अलग हादसे, कई घायल, सीएचसी में हंगामा

घायल महिला. | Prabhat Khabar Network
सतगावां में बुधवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टर न मिलने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
सतगावां : कोडरमा के सतगावां प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को करीब 6 बजे एक के बाद एक हुई दुर्घटनाओं का ऐसा अजीबोगरीब सिलसिला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. ससुराल में सांप काटने की खबर सुनकर जा रहे एक व्यक्ति के हादसे के शिकार होने से शुरू हुआ यह घटनाक्रम तीन अलग अलग एक्सीडेंट और अस्पताल में हंगामे तक जा पहुंचा. प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ईटांय निवासी वरुण कुमार के ससुराल नवादा में एक परिजन को सांप ने काट लिया था.
खबर मिलते ही वे मीरगंज के रास्ते नवादा के लिए निकले, इसी दौरान पचौड़ी तीखा मोड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल बीआर 46आर- 6654 और एक कार जेएच 09एडब्लू -3592 के बीच सीधी टक्कर हो गई. इस हादसे में बाइक सवार ईटांय निवासी 50 वर्षीय संजू देवी पति नंदलाल सिंह और उनके पुत्र वरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.
वहीं पचौड़ी में हुई दुर्घटना की खबर मिलते ही सिरदल्ला निवासी अतुल कुमार उर्फ पिंटू डॉक्टर अपने पुत्र ध्रुव कुमार के साथ मोटरसाइकिल से घायलों को देखने पचौड़ी के लिए निकले. लेकिन रास्ते में ग्राम सिहास के पास उनकी मोटरसाइकिल ने 6 वर्षीय मासूम बच्चे विवेक यादव ग्राम सिहास को अपनी चपेट में ले लिया.
इस टक्कर में मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. सिहास में बच्चे के घायल होते ही मौके पर दर्जनों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने आपा खो दिया और मोटरसाइकिल सवार 44 वर्षीय अतुल कुमार व उनके पुत्र ध्रुव कुमार की जमकर पिटाई कर दी, जिससे दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो गए. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे विवेक यादव तथा पिता-पुत्र अतुल कुमार व ध्रुव कुमार को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां लाया गया.
अस्पताल पहुंचने पर जब ग्रामीणों को कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला तो लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा शुरू कर दिया. बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने डॉक्टर की तलाश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद पहुंचे चिकित्सक से ग्रामीणों की हल्की झड़प भी हुई.
हंगामे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर ने तत्परता दिखाते हुए मासूम बच्चे समेत सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया. हालांकि सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










