'असफल होना ठीक, लेकिन चीटिंग नहीं'... NEET विवाद के बीच सचिन तेंदुलकर का बड़ा संदेश, बोले- मेहनत और योग्यता की हो जीत

सचिन तेंदुलकर (फोटो- सोशल मीडिया)
NEET-UG पेपर लीक विवाद के बीच सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर एक मार्मिक संदेश साझा किया है. उन्होंने अपने पिता की सीखी हुई बात को याद करते हुए ईमानदारी और कड़ी मेहनत के महत्व पर जोर दिया है. सचिन ने कहा कि असफलता स्वीकार्य है, लेकिन धोखाधड़ी या शॉर्टकट कभी नहीं.
Sachin Tendulkar Post On X: NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन लगातार तेज हो रहे हैं. इसी बीच भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए ईमानदारी, मेहनत और योग्यता का समर्थन किया है. उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि जीवन में असफल होना गलत नहीं है, लेकिन चीटिंग या शॉर्टकट अपनाना कभी स्वीकार्य नहीं हो सकता.
पिता की सीख को किया याद
सचिन ने अपने पोस्ट में लिखा कि उनके पिता एक प्रोफेसर थे और कई छात्रों के मार्गदर्शक रहे. बचपन में उन्होंने जो सबसे बड़ी सीख दी, वह आज भी उनके जीवन का मूलमंत्र है. उन्होंने पोस्ट के जरिए मैसेज दिया कि "असफल होना ठीक है, लेकिन चीटिंग नहीं. कभी भी शॉर्टकट मत अपनाइए."
छात्रों की मेहनत बेकार नहीं जानी चाहिए
सचिन ने कहा कि जब मेहनत करने वाले छात्रों को उनकी मेहनत का उचित फल नहीं मिलता, तो उनका निराश होना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि समाज को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में किसी भी छात्र को यह महसूस न हो कि उसकी कड़ी मेहनत व्यर्थ चली गई.
ईमानदारी और योग्यता आधारित व्यवस्था पर दिया जोर
मास्टर ब्लास्टर ने कहा कि समाज को ऐसी संस्कृति विकसित करनी होगी, जहां मेहनत का सम्मान हो, ईमानदारी को बढ़ावा मिले और योग्यता के आधार पर सफलता मिले. उनके मुताबिक माता-पिता, शिक्षक, स्कूल, दोस्त, रिश्तेदार और प्रशासन सभी की जिम्मेदारी है कि युवाओं का आत्मविश्वास बनाए रखें और उन्हें सही दिशा दें. उन्होंने कहा कि भारत के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी मेहनत, सपनों और उम्मीदों की रक्षा करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है.
प्रदर्शन के बीच आया बयान
सचिन का यह संदेश ऐसे समय आया है, जबNEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं. विभिन्न छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाई है. हाल ही में हजारों छात्रों ने संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया, जिसे दिल्ली पुलिस ने रोक दिया. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी विरोध प्रदर्शनों का प्रमुख मुद्दा बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: 15 साल के वैभव ने तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड, सिर्फ चौथे मैच में लगाया पहला अर्धशतक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhijeet Kumar
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










