IND vs ZIM Highlights: भारत की धमाकेदार जीत, 13.2 ओवर में ही हासिल किया टारगेट
गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी, दोनों डिपार्टमेंट में भारत ने दिखाया शानदार प्रदर्शन (फोटो- एक्स)
भारत ने पहले टी20 में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. मयंक और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट लेकर जिम्बाब्वे को 125 रन पर रोक दिया. जवाब में वैभव सूर्यवंशी की 19 गेंदों में 50 रन की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने 126 रन का लक्ष्य 13.2 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया.
भारत ने सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त
भारत ने जिम्बाब्वे को पहले टी20 मुकाबले में 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. बॉलिंग डिपार्टमेंट में मयंक और प्रिंस यादव ने दो और शिवम दुबे के साथ-साथ रवि बिश्नोई के एक-एक विकेट की बदौलत जिम्बाब्वे 20 ओवर में महज 125 रन तक ही पहुंच सकी. टीम इंडिया ने 126 रनों का लक्ष्य महज 13.2 ओवर में हासिल कर लिया. इस जीत में वैभव सूर्यवंशी की 19 गेंदों में 50 रन की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी ने अहम भूमिका निभाई. कप्तान श्रेयस अय्यर 28 रन और तिलक वर्मा 6 रन बनाकर नाबाद लौटे. मैन ऑफ द मैच का अवार्ड मयंक यादव को दिया गया. गेंदबाजों और बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन से भारत ने सीरीज का विजयी आगाज किया है.
ब्लेसिंग मुजारबानी ने लिया किशन का विकेट
भारत को एक और बड़ा झटका लगा है. ब्लेसिंग मुजारबानी की गेंद पर ईशान किशन ड्राइव खेलने गए, लेकिन गेंद पिच से अतिरिक्त उछाल लेकर बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगी और कवर पर खड़े डिऑन मायर्स ने आसान कैच लपक लिया. ईशान 24 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. अब कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ नई साझेदारी की जिम्मेदारी तिलक वर्मा के कंधों पर है.
स्कोर : 118/3, 12 ओवर के बाद
तूफानी फिफ्टी के बाद वैभव आउट
अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद वैभव सूर्यवंशी पवेलियन लौट गए. रिचर्ड नगारावा की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में वह डीप थर्ड पर बेन करन को कैच थमा बैठे. वैभव ने सिर्फ 19 गेंदों में 50 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. उनके आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आ गए हैं.
स्कोर : 78/2, 8 ओवर के बाद
वैभव की पहली इंटरनेशनल फिफ्टी
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से भारत को शानदार शुरुआत दिलाई है. उनकी तूफानी पारी की बदौलत टीम ने पावरप्ले में 66 रन बना लिए है. 6.1 ओवर में वैभव ने 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया. यह उनके करियर की पहली टी20I फिफ्टी है, जिसे उन्होंने बल्लेबाजी छोर से बल्ला उठाकर दर्शकों और ड्रेसिंग रूम का अभिवादन करते हुए सेलिब्रेट किया.
अभिषेक शर्मा 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे
भारत को शुरुआती झटका लग गया है. ब्लेसिंग मुजारबानी ने अभिषेक शर्मा को अपना शिकार बनाया. बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अभिषेक गेंद को सही टाइम नहीं कर सके और थर्ड मैन पर ब्रैड इवांस ने आसान कैच लपक लिया है. अभिषेक 8 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए है. अब भारत की नजर साझेदारी बनाने पर होगी. क्रिज पर आने वाले बल्लेबाज ईशान किशन है.
स्कोर : 23/1, 3 ओवर के बाद
20 रनों के स्कोर पर पहुंचे वैभव
भारत की पारी के दूसरे ही ओवर में वैभव सूर्यवंशी ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं. रिचर्ड नगारावा के ओवर में युवा बल्लेबाज ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए दो शानदार छक्के और एक चौका जड़ दिया है. महज 8 गेंदों में 20 रन बनाकर वैभव आक्रामक अंदाज में नजर आ रहे हैं और भारत को तेज शुरुआत दिला रहे हैं.
स्कोर : 22/0, 2 ओवर के बाद
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए