28 साल बाद फिर एक दिन में दो देशों में उतरेंगी भारत की दो टीमें? फैंस को मिलेगा डबल क्रिकेट का रोमांच
भारतीय क्रिकेट टीम
3 अक्टूबर 2026 को क्रिकेट फैंस के लिए डबल धमाका होने वाला है. भारतीय क्रिकेट इतिहास में 28 साल बाद ऐसा संयोग बनेगा जब भारत की दो पुरुष टीमें एक ही दिन दो अलग-अलग देशों में मैदान पर उतरेंगी. जानें कहां और किसके खिलाफ होगा ये मुकाबला.
Team India Match On 3rd October 2026: 3 अक्टूबर 2026 भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास दिन बन सकता है. इस दिन क्रिकेट फैंस को एक ही नहीं, बल्कि दो अलग-अलग देशों में भारत की दो पुरुष क्रिकेट टीमों को खेलते देखने का मौका मिल सकता है. एक तरफ भारत की वनडे टीम न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला खेलेगी, जबकि दूसरी ओर भारतीय टीम जापान में एशियन गेम्स के मेडल मुकाबले में उतर सकती है. 1998 में भारत की दो टीमें एक ही दिन दो अलग-अलग देशों में खेली थीं. अब 28 साल बाद 3 अक्टूबर 2026 को ऐसा ही संयोग फिर देखने को मिल सकता है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का आखिरी मैच
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेला जाना तय है. मुकाबले की शुरुआत दोपहर 2 बजे से होगी. इसी दिन जापान में एशियन गेम्स की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का गोल्ड मेडल और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला भी खेला जाएगा. यानी अगर भारत एशियन गेम्स के फाइनल या ब्रॉन्ज मेडल मैच तक पहुंचता है, तो एक ही दिन भारत की दो टीमें दो अलग-अलग देशों में मैदान पर नजर आ सकती हैं.
एशियन गेम्स में सीधे क्वार्टर फाइनल खेलेगा भारत
एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है. भारत 28 सितंबर को ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगा. ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल शामिल हैं.
क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल करने की स्थिति में भारतीय टीम 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल खेलेगी. इसके बाद 3 अक्टूबर को फाइनल या ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला होगा. भारत एशियन गेम्स में मौजूदा चैंपियन भी है. 2023 में हांगझोउ में हुए एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष टीम ने गोल्ड मेडल जीता था. इस बार भी टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.
ये भी पढ़ें: Cricket Brothers: मैदान पर धमाल मचा रही हैं भाइयों की ये जोड़ियां, जानिए कौन-कौन हैं शामिल
स्टार खिलाड़ियों से सजी है एशियन गेम्स की टीम
एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टीम को सिर्फ युवा या दूसरी श्रेणी की टीम कहना सही नहीं होगा. इसमें कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिनके पास अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल क्रिकेट का अच्छा अनुभव है. श्रेयस अय्यर को टीम की कप्तानी सौंपी गई है. एशियन गेम्स के कार्यक्रम और खिलाड़ियों की उपलब्धता को देखते हुए इन खिलाड़ियों का वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलना मुश्किल होगा. वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान अभी बाकी है.
भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी.
सितंबर में भी व्यस्त रहेगा भारत का शेड्यूल
अक्टूबर से पहले सितंबर का महीना भी भारतीय टीम के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है. इस दौरान भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. सीरीज की शुरुआत 13 सितंबर से होगी.
ये भी पढ़ें: Devdutt Padikkal: टेस्ट टीम में वापसी पर बोले पडिक्कल, कहा-‘मौका आसानी से नहीं मिलता, खुद को तैयार रखना जरूरी था’
इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी. सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले सितंबर में खेले जाएंगे, जबकि तीसरा और आखिरी मैच 3 अक्टूबर को मुल्लांपुर में होगा. इसी दौरान एशियन गेम्स में भारतीय टीम अपने क्वार्टर फाइनल और फिर सेमीफाइनल मुकाबले में भी उतरेगी.
1998 में भी बना था ऐसा संयोग
भारत की दो पुरुष क्रिकेट टीमें एक ही दिन दो अलग-अलग देशों में खेलने का ऐसा संयोग पहले भी बन चुका है. 12 सितंबर 1998 को भारतीय क्रिकेट में ऐसा ही नजारा देखने को मिला था. उस समय कुआलालंपुर में कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भारतीय टीम ने कनाडा को 112 रन से हराया था. सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले, अजय जडेजा और वीवीएस लक्ष्मण जैसे खिलाड़ी उस टीम का हिस्सा थे. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 157/9 का स्कोर बनाया था. जवाब में कनाडा की टीम सिर्फ 45 रन पर सिमट गई थी.
उसी दिन टोरंटो में भारत की दूसरी टीम पाकिस्तान के खिलाफ सहारा फ्रेंडशिप कप में उतरी थी. मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी वाली इस टीम में सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, नवजोत सिंह सिद्धू, जवागल श्रीनाथ और अजीत अगरकर जैसे खिलाड़ी शामिल थे. भारत ने यह मुकाबला छह विकेट से जीता था. सौरव गांगुली ने 54 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी लिए थे.
ये भी पढ़ें: Kumar Kushagra Celebration: दलीप ट्रॉफी फाइनल में कुशाग्र का शतक, खास अंदाज में मनाया सेंचुरी का जश्न; VIDEO वायरल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए