Duleep Trophy Final: ईशान किशन के 270 रन के दम पर ईस्ट जोन ने बनाए 708 रन, तीसरे दिन पडिक्कल-तिलक पर रहेंगी नजरें

Updated:
विज्ञापन

ईशान किशन ने खेली 270 रन की पारी फोटो—एक्स

दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन ने ईशान किशन के 270 रनों की बदौलत 708 रन का विशाल स्कोर बनाया है. कप्तान ईशान किशन ने रिटायर्ड हर्ट होने के बाद वापसी कर यह रिकॉर्ड स्कोर बनाया.

विज्ञापन

EZ vs SZ Duleep Trophy Final 2026: दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन ने दूसरे दिन अपनी पकड़ और मजबूत कर ली. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया है. टीम ने 163 ओवर बल्लेबाजी की और मुुकेश कुमार के रूप में आखिरी विकेट गिरने के साथ उसकी पारी समाप्त हुई. ईस्ट जोन की इस बड़ी पारी के सबसे बड़े नायक कप्तान ईशान किशन रहे, जिन्होंने 270 रन की शानदार पारी खेली. अब किशन के बाद तीसरे दिन अब सबकी उम्मीदें साउथ जोन के कप्तान तिलक और पडिक्कल की बैटिंग पर होगी.

विज्ञापन

250 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए, फिर लौटकर बनाए 270 रन

ईशान किशन की पारी के दौरान एक समय ऐसा भी आया, जब उनकी बल्लेबाजी रुकती हुई नजर आई. वह 250 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए. थकान और कुछ परेशानी के कारण ईशान ने मैदान छोड़ा, जिसके बाद फिजियो ने भी उनका आकलन किया.

हालांकि, बाद में ईशान दोबारा बल्लेबाजी के लिए मैदान पर लौटे और अपनी पारी को आगे बढ़ाया. उन्होंने 270 रन तक पहुंचने के बाद अपना विकेट गंवाया. उनके आउट होने के बाद मुकेश कुमार बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन ईस्ट जोन की पारी ज्यादा देर नहीं चल सकी और टीम 708 रन पर ऑलआउट हो गई.

कुमार कुशाग्र ने भी जड़ा शानदार शतक

ईस्ट जोन की विशाल पारी में ईशान किशन के अलावा कुमार कुशाग्र का भी अहम योगदान रहा. उन्होंने 132 गेंदों पर 101 रन की शानदार पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 5 छक्के निकले.

ईशान किशन और कुमार कुशाग्र के बीच पांचवें विकेट के लिए 230 रन की बड़ी साझेदारी हुई. इस साझेदारी ने ईस्ट जोन को बड़े स्कोर की ओर तेजी से आगे बढ़ाया. कुशाग्र के आउट होने के बाद ईशान ने पारी की जिम्मेदारी संभाले रखी और टीम के स्कोर को 700 रन के पार पहुंचाया.

ये भी पढ़ें: Kumar Kushagra Celebration: दलीप ट्रॉफी फाइनल में कुशाग्र का शतक, खास अंदाज में मनाया सेंचुरी का जश्न; देखें VIDEO

दूसरे दिन हुई कई बड़ी साझेदारियां

ईस्ट जोन की पारी में बड़ी साझेदारियों का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा. ईशान किशन और कुमार कुशाग्र की 230 रन की साझेदारी के बाद ईशान ने अनुकूल रॉय के साथ छठे विकेट के लिए 140 रन जोड़े.

इसके बाद अनुकूल रॉय के आउट होने पर मोहम्मद शमी और एमडी कौनैन कुरैशी ने पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों के बीच 50 रन की साझेदारी हुई. शमी 28 रन बनाकर श्रेयस गोपाल का शिकार बने, जबकि कुरैशी भी 40 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद ईस्ट जोन के आखिरी बल्लेबाज भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और टीम की पहली पारी 708 रन पर समाप्त हो गई.

अब साउथ जोन की बारी

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में 708 रन बना लिए. अब फाइनल के तीसरे दिन साउथ जोन के बल्लेबाज अपनी पहली पारी की शुरुआत करेंगे. साउथ जोन की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने की उम्मीद कप्तान तिलक वर्मा और देचदत्त पडिक्कल पर होंगी.

ईस्ट जोन के लिए यह फाइनल बेहद अहम है. टीम पिछले 13 साल से दलीप ट्रॉफी का खिताब नहीं जीत पाई है. ऐसे में 708 रन का विशाल स्कोर बनाकर उसने खिताब की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है.

ये भी पढ़ें: Cricket Brothers: मैदान पर धमाल मचा रही हैं भाइयों की ये जोड़ियां, जानिए कौन-कौन हैं शामिल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola