15 साल के वैभव ने तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड, सिर्फ चौथे मैच में लगाया पहला अर्धशतक

Updated:
विज्ञापन
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- एक्स)

वैभव सूर्यवंशी (फोटो- एक्स)

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 मैच में 19 गेंदों में 50 रन बनाकर क्रिकेट जगत में धूम मचा दी है. इस युवा बल्लेबाज ने सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

विज्ञापन

India vs Zimbabwe T20 Series: भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में ऐसी पारी खेली, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. वैभव ने सिर्फ 19 गेंदों में 50 रन बनाए और इसी के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक जड़ दिया. उनकी इस विस्फोटक पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. हालांकि अर्धशतक पूरा करने के बाद अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए, लेकिन तब तक भारत की जीत लगभग तय हो चुकी थी.

गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा

वैभव का यह चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था. शुरुआती तीन मैचों में बड़ी पारी नहीं खेलने के बाद उन्होंने हरारे में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया. उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. रिचर्ड नगारावा, ब्रैड इवांस और ब्लेसिंग मुजारबानी जैसे अनुभवी गेंदबाज भी उनके सामने बेबस नजर आए.

अर्धशतक के साथ तोड़ दिया सचिन का रिकॉर्ड

15 साल 118 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 213 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया था. इतना ही नहीं, वैभव टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज समेत कई खिलाड़ियों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए.

श्रेयसी सिंह ने भी की तारीफ

वैभव की इस पारी की तारीफ बिहार सरकार में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने भी की. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "एक युवा सितारे की ऐतिहासिक पारी. वैभव की बल्लेबाजी इस बात की याद दिलाती है कि महानता कहीं से भी और कभी भी आ सकती है. बिहार अपने उभरते हुए सितारे को सलाम करता है."

भारत ने दर्ज की आसान जीत

126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने महज 13.2 ओवर में तीन विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी, ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर की उपयोगी बल्लेबाजी तथा गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.

ये भी पढ़ें: 43 की उम्र, पहला कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ल्ड चैंपियन को मात... जानिए कौन हैं पुतुल सोनोवाल


विज्ञापन
Abhijeet Kumar

लेखक के बारे में

By Abhijeet Kumar

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola