होल्डिंग टैक्स कम कराने को लेकर सरकार से होगा अनुरोध

Updated at : 23 Mar 2026 9:41 PM (IST)
विज्ञापन
होल्डिंग टैक्स कम कराने को लेकर सरकार से होगा अनुरोध

नगर परिषद झुमरीतिलैया बोर्ड की पहली बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित

विज्ञापन

नगर परिषद झुमरीतिलैया बोर्ड की पहली बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित झुमरीतिलैया. नगर परिषद बोर्ड की पहली बैठक सोमवार को प्रखंड परिसर के समीप स्थित म्यूनिसिपल पुस्तकालय सभागार में हुई. अध्यक्षता अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने की. संचालन कार्यपालक पदाधिकारी अंकित गुप्ता ने किया. बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, जलापूर्ति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गयी. कई प्रस्ताव पारित किये गये. हर घर को प्रतिमाह पांच हजार लीटर पानी नि:शुल्क देने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही बेटियों की शादी में पानी का टैंकर मुफ्त उपलब्ध कराने तथा किसी घर में मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार कार्य के लिए भी निःशुल्क टैंकर देने का निर्णय हुआ. कहा गया कि पांच हजार लीटर से अधिक पानी उपयोग करने पर ही शुल्क लिया जायेगा. इसके अलावा शहर में बेतहाशा होल्डिंग टैक्स को देखते हुए सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि राज्य सरकार को पत्र भेजकर टैक्स में कमी करने का आग्रह किया जायेगा. वहीं सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में शहर के आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए कुत्तों को पकड़ कर उनकी नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण कराने, इसके लिए विशेषज्ञ एजेंसी को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया. रामनवमी के अवसर पर शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने और विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों व संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, स्लाइडर और ड्रॉप गेट लगाने का निर्णय लिया गया. प्रत्येक वार्ड में 50-50 स्ट्रीट लाइट लगाने की सहमति : शहर के खुले नालों को ढकने के लिए विभिन्न आकार के स्लैब निर्माण की योजना बनायी गयी. वहीं प्रत्येक वार्ड में 50-50 स्ट्रीट लाइट लगाने की सहमति दी गयी. शहर में जाम की समस्या को देखते हुए सभी सब्जी विक्रेताओं को अशोक होटल के पीछे व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया. पेयजलापूर्ति को बेहतर बनाने के लिए पीएचइडी के साथ समन्वय स्थापित कर पाइपलाइन में जहां-जहां लीकेज है, उसे जल्द ठीक कराने का निर्णय लिया गया. गर्मी से पहले खराब चापानलों की मरम्मत और आवश्यक सामग्री की खरीद सुनिश्चित करने की भी बात कही गयी. 15वें वित्त आयोग के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने वार्डों में जाकर लोगों को बकाया होल्डिंग कर समय पर जमा करने के लिए प्रेरित करेंगे. सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने का निर्णय : बैठक में शहर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा, शहर के 28 वार्डों में लटकते बिजली तारों को जल्द ठीक कराने के लिए बिजली विभाग से समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई. सप्लाई पानी को मोटर से टंकी में चढ़ाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय भी लिया गया. मौके पर उपाध्यक्ष मनोहर राम, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता रणधीर कुमार, सहायक अभियंता गजेंद्र टोप्पो, सिटी मैनेजर लेमांशु कुमार, रणधीर कुमार, वार्ड पार्षद विशाल सिंह, उदय सिंह, राजू लोहानी, पिंकी जैन, मनीष चौधरी, सरिता पांडेय, संजय यादव, रेणु देवी, नीलम पासवान, महेश यादव, नूरी प्रवीण, घनश्याम पुरी, नीरज कुमार, मनप्रीत कौर, चंदा शर्मा, सफिया परवीन, शमीम आलम, मधुलिका सिंह सहित कई पार्षद व पदाधिकारी मौजूद थे.

विज्ञापन
DEEPESH KUMAR

लेखक के बारे में

By DEEPESH KUMAR

DEEPESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola