कोडरमा में धराया हथियारों का सौदागर, देसी राइफल और जिंदा कारतूस बरामद
Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 13 Feb 2026 6:17 PM
मामले की जानकारी देते कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह
Koderma: सतगावां थाना क्षेत्र के कटैया पंचायत से पुलिस ने एक शख्स को देसी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. शख्स ने कबूल किया है कि वह हथियारों की अवैध बिक्री का धंधा करता है और हथियारों की सप्लाई के लिए यहां छुपकर रह रहा था. वह बिहार के जहानाबाद का रहने वाला है.
Koderma: सतगावां थाना क्षेत्र के कटैया पंचायत के गजहड़ से अवैध हथियार बरामदगी का मामला अवैध रूप से हथियारों की खरीद बिक्री से जुड़ा है. पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार आरोपी रामेश्वर प्रसाद उर्फ राकेश साव उर्फ राम ईश्वर प्रसाद (54 वर्ष) पिता स्व. रामबरत प्रसाद निवासी मई, थाना काको ओपी भेलावार, जिला जहानाबाद (बिहार) को पूछताछ के बाद शुक्रवार को जेल भेज दिया गया. आरोपी के पास से कार्बाइननुमा दो देशी राइफल के अलावा दो अतिरिक्त देशी राइफल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किया गया है.
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के अनुसार जिले में अपराध एवं अवैध हथियारों की रोकथाम को विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में विगत सूचना मिली कि सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटैया के गजहड टोला में एक अनजान और संदिग्ध व्यक्ति दो दिनों से देखा जा रहा है, जो गजहड़ टोला के प्राथमिक सरकारी स्कूल में रात को सोता है और किसी को भी अपना नाम, पता नहीं बता रहा है. इसके पास अवैध हथियार होने की प्रबल संभावना है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सौरभ कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
पुलिस की टीम ने छापेमारी की तो स्कूल की सीढ़ी के नीचे सोये अवस्था में एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसकी पहचान रामेश्वर प्रसाद उर्फ राकेश साव उर्फ राम ईश्वर प्रसाद के रूप में हुई. आरोपी के पास एक मोबाईल बिना सिम कार्ड लगा हुआ बरामद हुआ जबकि स्थल की तलाशी लेने पर एक सफेद रंग के प्लास्टिक के बोरा से 4 सिंगल शॉट देसी हथियार और 5 जिंदा गोली बरामद हुआ.
पहले रामगढ़ में मजदूरी करता था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि शादी के बाद रामगढ़ में परिवार सहित किराये के मकान में रहता था और मजदूरी कर गुजर बसर कर रहा था, लेकिन मजदूरी से खर्चा नहीं चल रहा था. इसी बीच नालंदा जिले के जैयतीपुर निमड़ा के रहने वाले कौशल से संपर्क हुआ. उससे नये व पुराने हथियार खरीदकर बिक्री करने लगा. इसी बीच सतगावां-गोविंदपुर क्षेत्र में हथियार की बिकी के लिए कौशल से 4 हथियार और 5 जिंदा गोली खरीदे जिसे एक प्लास्टिक के बोरा में छुपाकर गजहड़ टोला, सतगावां आ गया. यहां आकर टोला में स्थित सरकारी विद्यालय में रहने लगा. उसे गांव के किसी आदमी ने अपने घर में रहने नहीं दिया, इसलिए रात को विद्यालय की सीढ़ी के नीचे सोता था और वहीं बोरा में लिपटे हथियारों को साथ में रखता था. दिन में हथियारों को जंगल में छुपा देता था और रात होने पर हथियार सहित विद्यालय आ था और रात में विद्यालय की सीढ़ी के नीचे छुपकर सो जाता था.
पुलिस ने इस संबंध में सतगावां थाना कांड संख्या 14/26 दर्ज किया है. पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है. एसपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास है. इसके विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत बराबर टूरिज्म बिशुनगंज ओपी जहानाबाद में मामला दर्ज है. छापामारी दल में सतगावां थाना प्रभारी के अलावा ढाब थाना प्रभारी बमबम कुमार व पुलिस बल के जवान शामिल थे.
ये भी पढ़ें…
कोडरमा में मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार; सरगना की तलाश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










