चुनावी चकल्लस: चुनावी मौसम में चल रहा है पल-पल रंग बदलने का दौर

चुनावी मौसम में पल-पल रंग परिवर्तन का दौर चल पड़ा है. अन्य दलों की तरह इन दिनों कामरेडों के दल पर भी इसका असर साफ दिखने लगा है. वैसे इसकी शुरुआत तब से हुई है, जब से दिल्ली दरबार में पहुंचने के लिए धनाढ्य चुनावी मैदान में कूदे हैं. उच्च सदन में पहुंचने के लिए […]
चुनावी मौसम में पल-पल रंग परिवर्तन का दौर चल पड़ा है. अन्य दलों की तरह इन दिनों कामरेडों के दल पर भी इसका असर साफ दिखने लगा है. वैसे इसकी शुरुआत तब से हुई है, जब से दिल्ली दरबार में पहुंचने के लिए धनाढ्य चुनावी मैदान में कूदे हैं. उच्च सदन में पहुंचने के लिए पूरी तरह जोर लगा रहे राज क्षेत्र के धनाढ्य के लिए लाल रंग के ‘राजकुमार’ भगवा होने को मजबूर हो गये, तो अब कुछ इसी तरह का सीन औद्योगिक नगरी में दिख रहा है, लेकिन यहां फिल्मी सीन की तरह ही पल भर में रंग लाल से भगवा नहीं, बल्कि हरा हो गया है. दोनों सीन में बस अंतर यह है कि रंग बदलने को मजबूर हुए ‘राजकुमार’ पर पार्टी ने हंटर चलाकर ‘शांति’ लाने का प्रयास किया है, तो इसी बीच औद्योगिक नगरी में लाल रंग धारी नेताओं ने बढ़ कर हिम्मत दिखायी है.
यहां बकायदा, कामरेडों ने हरे रंग में लालटेन का ‘चारा’ लेकर घूम रहे दल को विधिवत समर्थन की घोषणा की है. तर्क दिया ‘हरा’ व ‘लाल’ दोनों का काम गरीब गुरबों की आवाज बनना है. इधर, अचानक हुए इस घोषणा से क्षेत्र का सीन बदल गया है. अच्छे अच्छों को समझ में नहीं आया कि यह हुआ कैसे. वैसे हरे रंग वालों से अभ्रक नगरी में इन कामरेडों की नजदीकियां पुरानी बात रही है, पर राज्य की सत्ता तक पहुंचने के वक्त दोनों आमने-सामने आ खड़े हो जाते हैं. नये बदलाव ने सबको हैरान तो किया है, लेकिन लाल रंग वालों की विश्वसनीयता जरूर कठघरे में है. अब ‘भगवा’ के बाद ‘लाल’ रंग के ‘हरा’ होने का असर औद्योगिक नगरी में कितना पड़ेगा यह तो चुनाव परिणाम बतायेगा, पर शहरी फिजा में कामरेडों की पार्टी बेबी वाकर लेकर जद्दोजहद करती जरूर दिख रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




