फाइनेंस कंपनी के कर्मी का अपहरण, दो आरोपी गिरफ्तार
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 31 May 2026 8:59 PM
किस्त फेल पिकअप जब्त करने गये एजेंट को पिस्टल की नोक पर उठाया
: किस्त फेल पिकअप जब्त करने गये एजेंट को पिस्टल की नोक पर उठाया : मोबाइल फोन से दो लाख रुपये की मांग कर परिजनों को दी धमकी सतगावां. थाना क्षेत्र में किस्त फेल वाहन जब्त करने गये एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मी के अपहरण का मामला सामने आया है. चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी के एजेंट बिट्टू कुमार उर्फ रौशन सिंह ने शनिवार को बासोडीह के पास देवघर-सतगावां मुख्य मार्ग पर चावल लदे एक पिकअप वाहन को रोका. कंपनी से पुष्टि होने पर उसने वाहन को यार्ड ले जाने की प्रक्रिया शुरू की. इसी दौरान बिशनीडीह के पास दो कारों से पहुंचे 6-8 लोगों ने कथित रूप से पिस्टल की नोक पर रौशन को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और पिकअप के साथ वहां से ले गये. देर शाम घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. रौशन का बाइक बिशनीडीह के पास सड़क किनारे मिला. वहीं उसके मोबाइल से व्हाट्सएप कॉल कर दो लाख रुपये की मांग की गयी. इसके बाद रौशन के भाई राहुल कुमार ने सतगावां थाना में शिकायत दर्ज करायी. थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह ने तकनीकी जांच शुरू की. रौशन के अनुसार, अपहरणकर्ता उसे बरकट्ठा ले गये, जहां रात में सुनसान स्थान पर गाड़ी रोककर शराब पीने लगे. इसी दौरान स्थानीय लोगों को संदेह हुआ. पूछताछ के बीच रौशन ने मौका पाकर पूरी घटना बता दी. स्थानीय लोगों ने हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ निवासी अंकित कुमार और आदित्य कुमार को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गये. सूचना पर बरकट्ठा पुलिस सभी को थाने ले गयी. बाद में सतगावां पुलिस रौशन, दोनों आरोपियों और वाहनों को थाना ले आयी. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों व वाहनों का सत्यापन किया जा रहा है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










