jamshedpur news : दलमा में शिकार रोकने के लिए कल से तैनात होंगे 1000 अधिकारी-कर्मचारी
Published by :AKHILESH KUMAR
Published at :24 Apr 2026 1:38 AM (IST)
विज्ञापन

जमशेदपुर (फाइल फोटो)
सेंदरा शिकार पर्व को लेकर वन विभाग ने अपनी तैयारियों को दिया अंतिम रूप
विज्ञापन
jamshedpur news : आदिवासियों के सेंदरा शिकार पर्व को लेकर जहां समुदाय तैयारी में जुटा है, वहीं वन विभाग की ओर से दलमा के जंगल में शिकार रोकने के लिए जबरदस्त तैयारी की गयी है. गुरुवार को वनकर्मियों और अधिकारियों की आंतरिक बैठक में सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया. हालांकि, शिकार पर्व 27 अप्रैल को है, लेकिन जंगल में 25 अप्रैल से ही करीब 1000 वन अधिकारी, कर्मी, जिला पुलिस के पदाधिकारी व प्रशासन के अधिकारियों के साथ मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की जायेगी.
जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को आदिवासी समुदाय के लोग अपने पूजा स्थल की सफाई करने के लिए जायेंगे, जबकि 26 अप्रैल की शाम से ही सारे लोग दलमा पर चढ़ाई कर देंगे. इसके बाद वे लोग शिकार करेंगे. इस बार वन विभाग ने तकनीक का सहारा लिया है, ताकि ऐसे शिकार को रोका जा सके और चोरी छिपे या अपने झोले में जंगल के बीच में शिकार को काटकर ले जाने की साजिश को भी नाकाम किया जा सके. इसके साथ शिकारियों पर सीधी कार्रवाई की जा सके. वन विभाग इस बार शिकार रोकने के लिए चेक नाका के माध्यम से व जंगल के बीचोबीच ड्रोन से निगरानी करेगा. कहीं भी शिकारी दिखेंगे, तो वन विभाग के कर्मी वहां जायेंगे और उन्हें जंगल से वापस भेजेंगे. वहीं, बहरागोड़ा से लेकर चांडिल तक कुल 11 चेक नाके बनाये जायेंगे. इन चेक नाकों व जंगल में करीब एक हजार वन अधिकारी, वनकर्मी, जिला पुलिस के पदाधिकारी व प्रशासन के अधिकारियों को तैनात किया जायेगा. मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की जायेगी. इसको लेकर सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिलों के उपायुक्त के साथ पत्राचार हो चुका है. शिकार पर्व के दौरान दलमा के जंगलों सघन जांच अभियान भी चलेगा. वनकर्मी पूरे जंगल में गश्त करेंगे. शिकारियों के पास से जाल और अवैध हथियार जब्त किये जायेंगे. कई आइएफएस ऑफिसर भी दलमा में डेरा डालेंगे.दलमा में शिकार रोकना पहली और अंतिम प्राथमिकता : डीएफओ
दलमा के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि दलमा में शिकार को रोकना पहली और अंतिम प्राथमिकता है. इसके लिए जिला पुलिस और प्रशासन से मदद ली जा रही है. वन विभाग के सारे जिलों के अधिकारी रहेंगे. सैकड़ों वनकर्मियों और जिला प्रशासन की टीमें मौजूद रहेंगी. किसी भी हाल में शिकार नहीं हो, यह सुनिश्चित कराया जायेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




