Jamshedpur News : ''उन्नत आजीविका गरीबी मुक्त पंचायत'' श्रेणी में मध्य बागबेड़ा का चयन, राष्ट्रीय स्तर पर मिल सकता है सम्मान

Published by : RAJESH SINGH Updated At : 03 Jun 2026 12:59 AM

विज्ञापन

जमशेदपुर (फाइल फोटो)

भारत सरकार की दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास योजना के तहत विभिन्न थीम आधारित पंचायतों के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है.

विज्ञापन

राज्य स्तरीय टीम ने पंचायत का निरीक्षण कर महिला समूहों और लाभुकों से की सीधी बातचीत

केंद्र सरकार की टीम के दौरे की तैयारी तेज

Jamshedpur News :

भारत सरकार की दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास योजना के तहत विभिन्न थीम आधारित पंचायतों के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इसके अंतर्गत मंगलवार को “उन्नत आजीविका गरीबी मुक्त पंचायत ” श्रेणी में चयनित मध्य बागबेड़ा पंचायत कॉलोनी का गहन निरीक्षण किया गया. रांची से पहुंचे पंचायती राज विभाग के अधिकारी निखिल एक्का ने जमशेदपुर, सरायकेला एवं घाटशिला अंचल क्षेत्रों के दौरे के क्रम में मध्य बागबेड़ा पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंचायत द्वारा पोर्टल पर अपलोड किये गये विकास कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की. इसमें क्षेत्र के तालाबों की स्थिति, कच्ची व पक्की सड़कों का निर्माण, जलमीनारों की व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं से संबंधित आंकड़ों का भौतिक सत्यापन किया गया. निरीक्षण के दौरान अंचल के जेइ विजय भूषण, एइ मोहम्मद जैनुलक, पंचायत सचिव लवण तिर्की, प्रभावती देवी, वार्ड सदस्य बबीता सिंह, प्रीति देवी, पंचायत समिति सदस्य राजू सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

महिला समूहों और लाभुकों से की सीधी बातचीत

निरीक्षण करने वाली टीम ने पंचायत की मुखिया उमा मुंडा की उपस्थिति में महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ बैठक की. इसमें सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, रोजगार सृजन तथा लाभुकों को मिल रहे प्रत्यक्ष लाभ की जानकारी ली. इसके बाद अधिकारियों ने बागबेड़ा पानी टंकी, हाउसिंग कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था तथा रामनगर में महिला समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का भी जायजा लिया. टीम ने कई लाभुकों के घर पहुंचकर योजनाओं के वास्तविक प्रभाव का आकलन किया.

राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने की संभावना

जानकारी के अनुसार, इस राज्य स्तरीय मूल्यांकन के बाद केंद्र सरकार की टीम भी मध्य बागबेड़ा पंचायत का दौरा करेगी. केंद्रीय टीम 15 दिनों के भीतर कभी भी यहां पहुंचकर संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की अंतिम समीक्षा कर सकती है. सबकुछ सही रहा तो मध्य बागबेड़ा पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा सकता है. इस दौरान केंद्रीय टीम जमशेदपुर के अलावा घाटशिला और सरायकेला का भी रुख करेगी.

वर्जन…

मध्य बागबेड़ा पंचायत का चयन ”उन्नत आजीविका एवं गरीबी मुक्त पंचायत” श्रेणी में हुआ है. पंचायत स्तर पर बेहतर कार्यों को प्रदर्शित करने की दिशा में सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.

सुमित प्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जमशेदपुर

—-मध्य बागबेड़ा पंचायत में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके प्रभाव का मूल्यांकन किया जा रहा है. राज्य स्तर पर समीक्षा के बाद भारत सरकार की टीम भी यहां पहुंचकर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेगी.

निखिल एक्का, पंचायती राज विभाग, रांची

::::::::::::

मध्य बागबेड़ा पंचायत को ”उन्नत आजीविका एवं गरीबी मुक्त पंचायत” श्रेणी में मूल्यांकन के लिए चिह्नित किया गया है. मेरे कार्यकाल के दौरान पंचायत में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किये गये हैं. यदि पंचायत को अवॉर्ड मिलता है, तो यह पूरे बागबेड़ा क्षेत्र के लिए सम्मान और गौरव की बात होगी.

उमा मुंडा, मुखिया, मध्य बागबेड़ा पंचायतB

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola