झामुमो विधायक चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल की दबंगई, मजिस्ट्रेट को दी गाली, नहीं करने दी वाहन चेकिंग
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Apr 2019 5:39 PM
प्रतिनिधि, जादूगोड़ा झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक और जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन की दबंगई एकबार फिर सामने आयी है. बाबूलाल ने मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार पूर्ति व थाना के एएसआई भरत किशोर महतो को हड़काकर वाहन चेकिंग से रोक दिया और वाहन लेकर चलते बने. यह वाकया […]
प्रतिनिधि, जादूगोड़ा
झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक और जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन की दबंगई एकबार फिर सामने आयी है. बाबूलाल ने मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार पूर्ति व थाना के एएसआई भरत किशोर महतो को हड़काकर वाहन चेकिंग से रोक दिया और वाहन लेकर चलते बने. यह वाकया हुआ जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के यूसिल अस्पताल चौक के पास.
बताते हैं कि जादूगोड़ा अस्पताल चैक के पास गुरुवार सुबह से ही वाहन चेकिंग चल रही थी. मजिस्ट्रेट पुलिस बल के साथ मौजूद थे और गुजरनेवाले वाहनों की तलाशी ले रहे थे. यह तलाशी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर की जा रही थी. इसी दौरान सुबह 11 बजे चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन वहां से गुजरे. पुलिस के एएसआई भरत किशोर महतो ने इशारा किया तो वे रुके जरूर, लेकिन वाहन तलाशी के नाम पर बिफर पड़े और उन्होंने पुलिस एएसआई के साथ धक्का-मुक्की कर दी और कहा कि किसी भी सूरत में वाहन की तलाशी नहीं लेने देंगे.
उन्होंने वहां मौजूद मजिस्ट्रेट को भी हड़काया और वाहन लेकर चलते बने. मजिस्ट्रेट ने इस घटना की सूचना लिखित तौर पर जादूगोड़ा थाने में दी है. घटना सुबह करीब 11 बजे की है
थाना में हुआ केस दर्ज
मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार पूर्ति की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और पुलिस कार्रवाई में जुट गयी है. प्रदीप पूर्ति स्वर्णरेखा नहर प्रमंडल में कनीय अभियंता हैं. उन्होंने बताया कि जादूगोड़ा अस्पताल चौक पर वाहनों की तलाशी के क्रम में काले रंग की टोयोटा फार्चूनर (जेएच05 एडब्लू-2211) गुजरी. पुलिस ने रोका और तलाशी की बात कही तो कार पर सवार लोगों ने कहा कि आप नहीं जानते किनकी गाड़ी है और कौन इसपर बैठे हैं. ये बाबूलाल सोरेन हैं और पूर्व मंत्री व विधायक चंपई सोरेन के पुत्र हैं.
चंपई महागठबंधन से जमशेदपुर से लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी हैं. कहने लगे कि तुम मेरा नौकर है, मेरे ही रुपये से तुमलोगों को तनख्वाह मिलती है. जब नियम की बात कही गई तो सभी कार से उतर गये और गाली-गलौज शुरू कर दिया. इस दौरान दुर्व्यवहार भी किया और एक ने फोन पर नौकरी खा जाने की धमकी दी. समझाने पर सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया और फिर गाड़ी भगा ले गये. वीडियोग्राफी करने का प्रयास किया गया तो वो भी नहीं करने दी गयी.
वहीं बाबूलाल सोरेन ने कहा कि उन्होंने सरकारी काम में बाधा उत्पन्न नहीं किया है. वे बार-बार चेकिंग करने के लिए बोल रहे थे परंतु थाना के एएसआई चेकिंग न करके उल्टा-सीधा बात करने लगे. कहा कि मैं प्रत्येक दिन इसी रास्ते से गुजरता हूं, मेरी ही गाड़ी को बार-बार रोका जाता है, कई गाड़िया मेरे सामने से गुजरी परंतु उन्हें नहीं रोक कर उनकी ही गाड़ी को रोका जाता है. कहा कि मैं युद्ध स्तर पर झामुमो का प्रचार कर रहा हूं. जिसके कारण भाजपा के लोगों द्वारा मुझे फंसाने का षड़यंत्र किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










