कार हटाने को लेकर हुआ विवाद, भिड़े भाजपा नेता

Updated at : 06 Sep 2018 4:14 AM (IST)
विज्ञापन
कार हटाने को लेकर हुआ विवाद, भिड़े भाजपा नेता

जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के विजया ग्रीन अर्थ के सामने सड़क से गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में भाजपा के दो नेता आपस में भिड़ गये. पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव व 20 सूत्री के सदस्य सह बारीडीह के पूर्व मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह और दोनों के समर्थकों के बीच मंगलवार रात […]

विज्ञापन

जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के विजया ग्रीन अर्थ के सामने सड़क से गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में भाजपा के दो नेता आपस में भिड़ गये. पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव व 20 सूत्री के सदस्य सह बारीडीह के पूर्व मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह और दोनों के समर्थकों के बीच मंगलवार रात मारपीट हो गयी. आरोप है कि दोनों पक्षों की ओर से कुछ लोगों ने पिस्टल भी लहरायी. इस दौरान संजीव सिंह के भांजे की बेटी के छठी समारोह में शामिल होने

पहुंचे लोगों ने राजकुमार श्रीवास्तव की पिटाई कर दी. सूचना मिलने के बाद उलीडीह थानेदार मुकेश चौधरी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, तो एक पक्ष के लोगों ने थानेदार के साथ भी धक्का-मुक्की की. पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया. राजकुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी व बेटे को थाना ले गयी. दूसरे पक्ष से भी संजीव सिंह, शिव शंकर सिंह, बम सिंह, संजीव सिंह के समधी थाना पहुंचे. सूचना मिलने के बाद दोनों पक्षों की ओर से बड़ी संख्या में लोग थाना पहुंच गये. थाने में भी हंगामा हुआ. दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत की है.
जिलाध्यक्ष समझौता करने उतरे
मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार समझौता कराने का प्रयास कर रहे हैं. सुबह संजीव सिंह व उनके रिश्तेदारों से मिलकर पूरे मामले की जानकारी ली. इसके बाद दिन के एक बजे टीएमएच पहुंचकर राजकुमार श्रीवास्तव से भी घटनाक्रम की जानकारी ली. दिनेश कुमार ने कहा, दोनों पक्षों से समन्वयपूर्वक समझौते का प्रयास हो रहा है.
थाना प्रभारी के खिलाफ जांच
भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने उलीडीह थाना प्रभारी की शिकायत वरीय पुलिस अधीक्षक से की है. मांग की है कि गुरुवार दोपहर 12 बजे तक उलीडीह थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिलेगा. एसएसपी ने उलीडीह थाना प्रभारी के खिलाफ जांच के आदेश दिये हैं. पटमदा के डीएसपी विजय महतो को जांच का जिम्मा दिया है.
पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को थाना ले गयी. घटनास्थल पर पिस्तौल लहराने की बात पुलिस को बतायी गयी. दोनों पक्ष ने लिखित शिकायत की है. पुलिस आवेदन पर जांच कर रही है. घटना की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दे दी गयी है. – मुकेश चौधरी, थानेदार उलीडीह.
बोले राजकुमार
मारपीट की, रुपये छीन कर भागे
डिमना रोड अविनाश नगर निवासी राजकुमार श्रीवास्तव ने कहा है कि चार सितंबर की रात दस बजे पेट्रोल पंप बंद कर घर लौटे. विजया ग्रीन अर्थ के गेट के पास कार खड़ी थी. गार्ड को कार हटवाने की बात बोल अपनी गाड़ी के पास आ गये. इस बीच अंदर से संजीव सिंह, विजया ग्रीन अर्थ के अध्यक्ष अपने 40 साथियों के साथ अाये और गाली- गलौज व मारपीट की. वह भागकर घर में घुसे. इसके बाद सभी घर पहुंच गये. गोली मारने की धमकी दी. पत्नी के गले से चेन, मंगलसूत्र, मां के हाथ से बाला छीन लिया. 5.70 लाख छीनकर भाग गये.
बोले संजीव सिंह
गाड़ी हटाने की बात कहने पर मारपीट की
संजीव सिंह के भांजे के मामा ससुर सह जुस्को के पदाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह ने राजकुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी व बेटे पर मारपीट करने और चेन चोरी करने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत थाने में की है. संजीव सिंह ने बताया, राजकुमार श्रीवास्तव ने गेट के सामने अपनी कार खड़ी की थी. ब्रजेश कुमार ने कार हटाने को कहा. इस पर राजकुमार ने ब्रजेश सिंह को कार से उतारा और मारपीट की. ब्रजेश की पत्नी के साथ भी राजकुमार ने पत्नी व बेटे से साथ मिल कर मारपीट की. राजकुमार ने छिनतई व अन्य आरोप लगाये हैं, वे बेबुनियाद हैं.
िलखित शिकायत पर मामला दर्ज िकया गया
सिटी एसपी मामले की जांच कर दो दिनों में रिपोर्ट सौंपेंगे. इसके बाद अगली कार्रवाई की जायेगी. दोनों पक्षों की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है.
अनूप बिरथरे, एसएसपी, पूर्वी सिंहभूम
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola