1145 उपभोक्ताओं पर एक लाख से अधिक का बकाया, वसूली के लिए बनी 20 से अधिक टीमें

विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता बैठक करते | Prabhat Khabar Network
हजारीबाग विद्युत प्रमंडल ने 1145 बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए 20 विशेष टीमों का गठन किया है। बिलिंग में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
हजारीबाग:हजारीबाग विद्युत प्रमंडल में बुधवार को राजस्व व बिलिंग कार्यों की समीक्षा बैठक कार्यपालक अभियंता सुब्रत बनर्जी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सभी सहायक एवं कनीय अभियंताओं को शत-प्रतिशत बिजली बिलिंग सुनिश्चित करने तथा बकाया राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि वर्तमान में प्रमंडल में करीब 78 प्रतिशत उपभोक्ताओं की ही बिलिंग हो सकी है. शेष 22 प्रतिशत उपभोक्ताओं की बिलिंग अगले पांच दिनों के भीतर पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए 20 से अधिक विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिनका नेतृत्व सहायक एवं कनीय अभियंता करेंगे.
बैठक में बताया गया कि पूरे प्रमंडल में 1145 ऐसे बिजली उपभोक्ता हैं, जिन पर एक-एक लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है. इन बड़े बकायेदारों से राशि वसूलने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. कार्यपालक अभियंता ने कहा कि माह के अंत तक बड़े बकायेदारों के विरुद्ध की गई कार्रवाई और वसूली की अनुपालन रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए.
उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि जिनके यहां बिजली बिल नहीं पहुंच रहा है या बिल में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे विद्युत कार्यालय से संपर्क कर उसे अविलंब ठीक करा लें, ताकि भविष्य में अनावश्यक परेशानी न हो.
बैठक में सहायक अभियंता आरपी सिंह, कृष्णदेव प्रजापति, अमित शर्मा तथा कनीय अभियंता कृष्णा बालमुचू, प्रदीप प्रजापति, अवतेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










