औरंगाबाद में नेपाल की महिला से सामूहिक दुष्कर्म, जांच में जुटी पुलिस

Author Sujit kumar|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
नगर थाना | Prabhat Khabar Network

नगर थाना | Prabhat Khabar Network

औरंगाबाद में एक 20 वर्षीय नेपाली महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है. बच्चों को घुमाने के बहाने महिला को खंडहर में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन

Aurangabad News: औरंगाबाद शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित महुआ शहीद इलाके में रहने वाली नेपाल की एक 20 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यह घटना 21 जुलाई की शाम की बताई जा रही है. पीड़िता की शिकायत पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपितों में महुआ शहीद इलाके का एक नाबालिग, ऑटो चालक जीतू उर्फ पाली तथा अभिषेक कुमार शामिल हैं. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.

तीन वर्षों से पति के साथ रह रही है पीड़िता

जानकारी के अनुसार, पीड़िता नेपाल के अछाम जिले के ढडगा चालना थाना क्षेत्र की रहने वाली है. वह पिछले तीन वर्षों से अपने पति के साथ औरंगाबाद शहर के महुआ शहीद इलाके में रह रही है. उसका पति शहर में घूम-घूमकर चाय बेचने का काम करता है. महिला अपने पति की दूसरी पत्नी बताई जाती है और परिवार के चार बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी भी उसी पर है.

बच्चों को घुमाने के बहाने रची साजिश

पीड़िता के अनुसार, 21 जुलाई की शाम उसके चारों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे और वह उनकी देखभाल कर रही थी. इसी दौरान पड़ोस का एक नाबालिग वहां पहुंचा और बच्चों को घुमाने का झांसा दिया. महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ उसके साथ चली गई. कुछ दूरी पर एक ऑटो पहले से खड़ा था, जिसमें चालक जीतू उर्फ पाली और अभिषेक कुमार मौजूद थे, जिसके बाद सभी लोग ऑटो में सवार होकर शहर की तरफ निकल गए.

खंडहर में ले जाकर की दरिंदगी

आरोप है कि तीनों आरोपित महिला और उसके दोनों बच्चों को सोनी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास एक पुराने सरकारी खंडहर में ले गए. वहां महिला के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया गया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित महिला को नगर थाना के पास स्थित पानी टंकी के निकट छोड़कर फरार हो गए.

पति को बताई आपबीती, दर्ज कराई शिकायत

घर पहुंचने के बाद पीड़िता ने पूरी आपबीती अपने पति को सुनाई. इसके बाद 22 जुलाई को दोनों नगर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. महिला ने पड़ोस के नाबालिग, ऑटो चालक जीतू उर्फ पाली तथा अभिषेक कुमार को नामजद आरोपित बनाते हुए मामला दर्ज करवाया.

चार घंटे में तीनों आरोपित गिरफ्तार

नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. 22 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सबसे पहले नाबालिग को हिरासत में लिया. उसकी निशानदेही पर छापेमारी कर ऑटो चालक जीतू उर्फ पाली और अभिषेक कुमार को भी दबोच लिया गया. नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


विज्ञापन
Sujit Kumar

लेखक के बारे में

By Sujit Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन