जहानाबाद: मखदुमपुर में मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने आपदा पीड़ित परिवारों को दिए 8 लाख रुपये के सहायता चेक

Author Ramesh kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
लाभार्थियों को चेक देते मंत्री डॉ संतोष सुमन | Prabhat Khabar Network

लाभार्थियों को चेक देते मंत्री डॉ संतोष सुमन

बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने नौगढ़ महादलित टोला में डूबने से जान गंवाने वाले दो परिवारों को कुल 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी. मंत्री ने राहत राशि मिलने में देरी पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी.

विज्ञापन

Jehanabad News: पुनहदा पंचायत अंतर्गत नौगढ़ महादलित टोला में बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने आपदा राहत कोष के तहत दो लाभार्थियों को चार-चार लाख रुपये के सहायता चेक प्रदान किए. उन्होंने कोसमी देवी एवं सियामनी देवी को कुल आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी.

डूबने से हुई थी परिजनों की मौत

जानकारी के अनुसार कोसमी देवी के पिता सकलदेव मांझी तथा सियामनी देवी के पति विजय मांझी की करीब डेढ़ से दो वर्ष पूर्व पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी. आपदा राहत कोष के तहत दोनों परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई.

राहत राशि मिलने में देरी पर जताई चिंता

मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने सहायता राशि मिलने में हुई देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होने की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिलनी चाहिए, ताकि कठिन परिस्थितियों में उन्हें सहारा मिल सके.

महादलित टोला के सर्वे का दिया निर्देश

मंत्री ने प्रखंड विकास पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार को निर्देश दिया कि विकास मित्र एवं पंचायत सचिव के माध्यम से नौगढ़ महादलित टोला का विस्तृत सर्वे कराया जाए. उन्होंने कहा कि टोला के लोगों की सभी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी.

मुखिया की पहल की सराहना

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय मुखिया निभा कुमारी के प्रयासों की सराहना की. बताया गया कि टोला में अभी तक टोला सेवक की नियुक्ति नहीं हुई है. इसके बावजूद मुखिया ने अपने स्तर पर एक शिक्षित दलित महिला को बच्चों की पढ़ाई और स्कूल भेजने की जिम्मेदारी दी है. मंत्री ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया.

महादलित परिवारों के साथ किया सामूहिक भोज

कार्यक्रम के उपरांत मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने महादलित परिवारों के साथ सामूहिक भोज में भी हिस्सा लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया निभा कुमारी ने की, जबकि संचालन पूर्व मुखिया अवधेश शर्मा ने किया.

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सह सदस्या संगीता देवी, हम नेता श्यामसुंदर शरण, पम्पी शर्मा, राजाराम मांझी, महेंद्र मांझी, अंचलाधिकारी रणजीत उपाध्याय, सामाजिक कार्यकर्ता संटू शर्मा, बीरेंद्र शर्मा, राकेश कुमार, मनोज शर्मा, शिवशंकर शर्मा, अखिलेश दांगी, अखिलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में महादलित परिवार के लोग उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Ramesh Kumar

लेखक के बारे में

By Ramesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन