सड़क नहीं, टूट रहे हैं शादी के रिश्ते

Published at :04 Mar 2017 7:38 AM (IST)
विज्ञापन
सड़क नहीं, टूट रहे हैं शादी के रिश्ते

हजारीबाग : चुरचू प्रखंड के पिपराडीह गांव निवासी बेचन महतो (60) पर उस वक्त दुख का पहाड़ टूट गया, जब उसकी बेटी की शादी महज इसलिए टूट गयी, क्योंकि गांव में सड़क नहीं थी. शादी की सभी तैयारी हो चुकी थी. पांच जनवरी को बारात आना था. शादी के लिए लड़कावाले भी हां कर चुके […]

विज्ञापन
हजारीबाग : चुरचू प्रखंड के पिपराडीह गांव निवासी बेचन महतो (60) पर उस वक्त दुख का पहाड़ टूट गया, जब उसकी बेटी की शादी महज इसलिए टूट गयी, क्योंकि गांव में सड़क नहीं थी. शादी की सभी तैयारी हो चुकी थी. पांच जनवरी को बारात आना था. शादी के लिए लड़कावाले भी हां कर चुके थे. लेकिन ऐन वक्त पर लड़केवालों ने यह कह कर शादी से इनकार कर दिया कि गांव तक जाने के लिए सड़क ही नहीं है. गाड़ी से कैसे वहां तक जायेंगे.
कमोवेश यह घटना सुखदेव महतो के साथ भी घटी. बड़े अरमान से बहन की शादी उसने ठीक की थी. शादी की सभी तैयारी पूरी हो चुकी थी, लेकिन अंत में यहां भी लड़केवालों ने यह कह कर शादी से इनकार कर दिया कि आपके गांव में सड़क नहीं है. गांव में कई और लोग हैं, जिनके घर में सड़क नहीं रहने से रिश्ता टूट गया.
सिर्फ चुनाव के वक्त ही आते हैं नेता: इस गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव तो है, लेकिन सड़क की समस्या अहम है. यह गांव एनएच-33 से मात्र दस किमी की दूरी पर हेंदेगढा पंचायत में है. पिपराडीह गांववालों की मानें, तो आजादी के बाद से लेकर आज तक कोई भी सरकारी योजना इस गांव में नहीं पहुंचा.
ग्रामीण अपनी पीड़ा बताते हुए कहते हैं: सिर्फ चुनाव के वक्त ही नेता गांव आते हैं और आश्वासन देकर चले जाते हैं. बाद में इस गांव की ओर से झांकने तक कोई नहीं आता है. गांव के बुजुर्गों ने बताया गांव तक जोड़नेवाली सड़क बन जाती, तो किसी तरह की समस्या उत्पन्न नहीं होती.
अंधेरे में गिरते हैं लोग
गांव के चेतलाल महतो ने बताया कि इस गांव में सड़क की गंभीर समस्या बन गयी है. सड़क नहीं रहने से शादी-ब्याह तक में खलल पड़ रहे हैं. ग्रामीण रामलाल महतो ने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे रहने से प्रत्येक दिन लोग रात के अंधेरे में गिर कर जख्मी हो जाते हैं. गांव के ईश्वरी महतो, किटक महतो, नवलकिशोर महतो, चंद्रदेव महतो ने डीसी रविशंकर शुक्ला से सड़क की समस्या शीघ्र दूर करने की मांग की.
मेरी बेटी की शादी ठीक हुई थी. पांच जनवरी 2017 को शादी का दिन तय था. तैयारी हो चुकी थी. लेकिन शादी के कुछ दिन पहले लड़केवालों ने अगुवा से खबर भेजा कि गांव में सड़क नहीं है. गाड़ी कैसे जायेगी. इसके बाद लड़केवालों ने शादी से इनकार कर दिया. बेचन महतो
16 दिसंबर 2016 को मैंने बहन की शादी ठीक की थी. शादी की तैयारी में पूरा परिवार जुट गया था. रिश्तेदारों को भी जानकारी दे दी गयी थी. शादी के लिए वर पक्ष से सभी तरह की बात हो चुकी थी. लेकिन शादी से पहले लड़केवालों ने खबर भेजवाया कि हम शादी नहीं कर सकते हैं, क्योंकि गांव में सड़क नहीं है. सुखदेव महतो
क्या कहते हैं अधिकारी
चुरचू बीडीओ कुमार सुशील खाखा ने बताया कि पिपराडीह सड़क की स्थिति क्या है, यह मामला संज्ञान में आया है. राज्य सरकार से अनुमति मिलने पर सड़क का निर्माण होगा. ग्रामीणों को बुनियादी समस्याओं से निजात दिलाया जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola