12 केंद्रों पर 4355 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Published at :13 Apr 2026 10:31 PM (IST)
विज्ञापन
12 केंद्रों पर 4355 अभ्यर्थी होंगे शामिल

जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा 19 को, सीसीटीवी निगरानी व कदाचारमुक्त परीक्षा के सख्त निर्देश

विज्ञापन

गुमला. झारखंड लोक सेवा आयोग (रांची) द्वारा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए गुमला जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इन केंद्रों में कार्तिक उरांव कॉलेज, गुमला पॉलिटेक्निक, संत इग्नासियुस उवि, उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स उवि, संत पात्रिक उवि, सरस्वती विद्या मंदिर, डीसीएम एसओइ स्कूल, एसएस गर्ल्स उवि, लूथरन उवि, डीएवी पब्लिक स्कूल, संत एंस उवि एवं राजकीय उवि करंजटोली शामिल हैं. सभी केंद्रों पर कुल 4355 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा के सफल व कदाचारमुक्त संचालन को लेकर सोमवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित थे. बैठक में बताया गया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न तीन बजे से पांच बजे तक संचालित होगी. उपायुक्त ने इसे अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा बताते हुए कहा कि इसे पूर्ण पारदर्शिता और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाये. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 19 अप्रैल को सुबह आठ बजे से सक्रिय रहेगा और परीक्षा सामग्री सुरक्षित रूप से जमा होने तक कार्यरत रहेगा. नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 6206543458 निर्धारित किया गया है. उपायुक्त ने दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. परीक्षा से पूर्व सभी संभावित स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता रोकी जा सके. साथ ही केंद्राधीक्षकों को पेयजल, पर्याप्त रोशनी (बिजली एवं जेनरेटर), स्वच्छ शौचालय, बेंच-डेस्क समेत सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी की कार्यशीलता जांचने व आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी कराने को कहा गया. स्पष्ट निर्देश दिये गये कि बिना जांच के किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जायेगा और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. कदाचार में लिप्त पाये जाने पर संबंधित परीक्षार्थी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी. बैठक में डीडीसी दिलेश्वर महतो, एसी शशिंद्र कुमार बड़ाइक, डीएसपी वीरेंद्र टोप्पो, एनडीसी ललन कुमार रजक समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola